Kawardha Mahamaya Temple Theft | CCTV Footage Police Investigation

![]()
कवर्धा जिले के पांडातराई थाना क्षेत्र के ग्राम मड़मढ़ा स्थित महामाया देवी मंदिर में मंगलवार रात चोरी हो गई। चोर मंदिर से देवी के सोने-चांदी के गहने लेकर फरार हो गए।
.
बुधवार सुबह जब पुजारी मंदिर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि महामाया देवी की प्रतिमा से करीब दो तोला सोने का हार, दो सोने की कान की पत्ती, चार सोने के लॉकेट और चांदी की करधन गायब थी। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलते ही पांडातराई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मंदिर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
इससे पहले 5 जुलाई को ग्राम सिल्हाटी पोड़ी स्थित बाबा विश्वेश्वर महादेव मंदिर में देर रात चोरी हुई थी। अज्ञात चोर बाबा विश्वेश्वर महादेव का त्रिकुंड और माता गौरी का मुकुट चुरा ले गए थे।
कई मंदिर बन चुके हैं चोरों का निशाना
हनुमान मंदिर से भी मुकुट चोरी हो चुका है, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। इसके अलावा हरमो, कटगो, समनापुर, नवागांव, मोहगांव, बोड़ला और कामटी समेत जिले के कई मंदिरों में चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इससे श्रद्धालुओं में चिंता बढ़ गई है।




