रायगढ़ के स्कूल में लंच-ब्रेक में चाकूबाजी:बाहरी युवकों ने स्कूली छात्र पर किया हमला, कमर के नीचे आई चोट, तीन नाबालिग आरोपी पकड़े गए

![]()
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में सरकारी स्कूल के लंच ब्रेक के दौरान कुछ बाहरी लड़के स्कूल परिसर में पहुंच गए। यहां पुरानी रंजिश को लेकर उन्होंने एक छात्र पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में छात्र के कमर के नीचे चोट आई है। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को पकड़ लिया है। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला चक्रधरनगर में लंच ब्रेक के दौरान 6-7 बाहरी लड़के स्कूल की दीवार फांदकर अंदर घुस गए। इसके बाद उन्होंने कक्षा 9वीं के 16 वर्षीय छात्र को बाहर बुलाया। दो लड़कों ने छात्र पर चाकू जैसे हथियार से हमला कर दिया और वहां से भाग गए। हमले में छात्र के कमर के नीचे चोट आई है। घटना के बाद स्कूल के दूसरे छात्रों ने इसकी जानकारी प्रबंधन को दी। स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश शुरू की। तीन नाबालिग आरोपी पकड़े गए पुलिस ने जांच के दौरान छात्र पर हमला करने वाले दोनों लड़कों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि मारपीट में उनके साथ एक और लड़का भी शामिल था। पुलिस ने उसे भी पकड़ लिया। देर शाम तक मामले में तीन नाबालिग आरोपियों को पकड़ा जा चुका था। पूछताछ में तीनों ने छात्र के साथ मारपीट करने की बात स्वीकार की है। पुरानी रंजिश में हमला पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि घायल छात्र और आरोपियों के बीच पहले दोस्ती थी। कुछ दिन पहले किसी बात को लेकर उनके बीच झगड़ा हुआ था। इसी पुरानी रंजिश के चलते छात्र पर हमला करने की बात सामने आई है। हमले में घायल छात्र की हालत सामान्य है। उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है और आगे की कार्रवाई में जुटी है।
Source link




