छत्तीसगढ़ महिला टीम ने झारखंड को 5 रन से हराया:कशिश ने खेली शानदार पारी; पुरुष टीम ने कर्नाटक के 7 विकेट गिराए

![]()
छत्तीसगढ़ क्रिकेट टीम के लिए सोमवार का दिन मिला-जुला, लेकिन शानदार प्रदर्शन वाला रहा। राजस्थान में चल रही MPMSC सीनियर विमेंस इनविटेशनल टी-20 ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ की महिला टीम ने झारखंड को 5 रन से हराकर टूर्नामेंट में दूसरी जीत दर्ज की। वहीं, कर्नाटक में चल रहे डॉ. कैप्टन के. थिम्मप्पियाह मेमोरियल इनविटेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट में छत्तीसगढ़ की पुरुष टीम के गेंदबाजों ने कर्नाटक सेक्रेटरी इलेवन के 7 विकेट गिरा दिए। महिला टीम ने 5 रन से जीता मैच उदयपुर के मिराज क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए मुकाबले में झारखंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। छत्तीसगढ़ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 141 रन बनाए। कशिश अग्रवाल ने 34 गेंदों में 49 रन की शानदार पारी खेली। शिवी पांडे ने 25 रन बनाए, जबकि ओपनर प्रत्युषा और शिल्पा साहू ने 20-20 रन का योगदान दिया। झारखंड की ओर से शांति कुमारी ने 2 विकेट लिए। 142 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी झारखंड की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 136 रन ही बना सकी। कप्तान सोनिया ने 46 रन बनाए, जबकि रश्मि ने 27 और अश्वनी कुमारी ने 25 रन का योगदान दिया। छत्तीसगढ़ की गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर झारखंड के बल्लेबाजों को बड़ी साझेदारी नहीं बनाने दी। कप्तान कृति गुप्ता ने 3 विकेट लिए, जबकि प्रीति यादव ने 2 विकेट झटके। उर्मिला हरिना और श्रद्धा वैष्णव को 1-1 विकेट मिला। कृति गुप्ता को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। पुरुष टीम के गेंदबाजों का दबदबा बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में डॉ. कैप्टन के. थिम्मप्पियाह मेमोरियल इनविटेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट में छत्तीसगढ़ का मुकाबला कर्नाटक सेक्रेटरी इलेवन से है। पहले दिन कर्नाटक सेक्रेटरी इलेवन ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी की। टीम की शुरुआत खराब रही और सिर्फ 21 रन के स्कोर पर उसके 2 विकेट गिर गए। इसके बाद करुण नायर ने पारी को संभाला और 104 रन बनाए। रितेश भटकाल 62 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि रक्षित ने 30 रन का योगदान दिया। कर्नाटक सेक्रेटरी इलेवन ने पहले दिन 90 ओवर में 7 विकेट पर 277 रन बनाए। छत्तीसगढ़ की ओर से देव आदित्य सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। रुद्र प्रताप देहरी को 2 विकेट मिले। दिन का खेल खत्म होने तक कर्नाटक सेक्रेटरी इलेवन 277 रन पर 7 विकेट गंवा चुकी थी।
Source link




