Uncategorized

जशपुर में मतदाता सूची में नाम जोड़ने का विशेष अभियान, 31 अक्टूबर तक चलेगा

जशपुरनगर, 24 अक्टूबर 2026। भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़, रायपुर के अनुपालन में जशपुर जिले में छूटे हुए एवं नए पात्र युवा मतदाताओं के पंजीकरण के लिए 31 अक्टूबर 2026 तक एक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ऐसे पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना है, जिनका नाम अब तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है।

यह विशेष अभियान उन युवाओं पर केंद्रित है जिन्होंने 17 वर्ष या उससे अधिक की आयु पूर्ण कर ली है, साथ ही उन पात्र युवाओं पर भी जो 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर लेंगे। इन सभी के लिए मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया को सुगम बनाया जाएगा ताकि वे आसानी से अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकें।

पंजीकरण प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के लिए बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने मतदान केंद्र क्षेत्र में घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे। इसके अतिरिक्त, प्रत्येक सप्ताह बुधवार और गुरुवार को विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जहां पात्र नागरिक अपना पंजीकरण करा सकेंगे।

जिला प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाते हुए मतदाता सूची में अपना पंजीकरण अवश्य सुनिश्चित करें। पात्र नागरिक ईसीआईनेट मोबाइल ऐप अथवा भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट http://voter.eci.gov.in के माध्यम से फॉर्म-6 ऑनलाइन भरकर भी आवेदन कर सकते हैं।

विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए मतदाताओं से भी बीएलओ पुनः संपर्क करेंगे ताकि कोई भी पात्र नागरिक छूट न जाए। अभियान के दौरान जिले के सभी स्कूलों एवं महाविद्यालयों में गठित निर्वाचक साक्षरता क्लब के माध्यम से पात्र विद्यार्थियों को मतदाता पंजीकरण के महत्व और प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी जाएगी।

इस अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करने के लिए अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा स्कूल-कॉलेजों के निर्वाचक साक्षरता क्लब के नोडल अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button