खेल

छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को मिला वैश्विक मंच, जियोहॉटस्टार पर लाइव हो रही हॉकी लीग

छत्तीसगढ़ की हॉकी अब रायपुर के मैदान से निकलकर दुनिया तक पहुंच रही है। राज्य में हॉकी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को एक वैश्विक मंच मिल गया है। रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में 21 अक्टूबर से शुरू हुई यह लीग 1 नवम्बर तक चलेगी, जिसके सभी मुकाबलों का जियोहॉटस्टार ओटीटी प्लेटफॉर्म पर सीधा प्रसारण किया जा रहा है। इससे छत्तीसगढ़ के साथ-साथ देश-दुनिया के दर्शक भी यहां खेले जा रहे रोमांचक मुकाबलों का आनंद ले सकते हैं।

समाचार फोटो

खेल एवं युवा कल्याण विभाग की इस पहल ने प्रदेश के खेल जगत को एक नया आयाम दिया है। प्रतियोगिता का लक्ष्य छत्तीसगढ़ में हॉकी को बढ़ावा देने के साथ ही राज्य की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है। लीग के ब्रांड एम्बेसडर भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और ओलंपियन सरदार सिंह हैं, जो यहां मौजूद रहकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर रहे हैं। ओलंपियन खिलाड़ियों की भागीदारी और उनके नेतृत्व में टीमों के बीच हो रहे मुकाबलों ने प्रतियोगिता को विशेष आकर्षण प्रदान किया है।

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का शुभारंभ 21 अक्टूबर को भारत सरकार के युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय की राज्य मंत्री रक्षा निखिल खड़से के मुख्य आतिथ्य और छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री तथा खेल तथा युवा कल्याण मंत्री अरुण साव की अध्यक्षता में हुआ। प्रतियोगिता में शुरुआती मुकाबलों से ही खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है। पहले दिन ओलंपियन सुरेंद्र सिंह की कप्तानी वाली न्यायधानी नाइट्स ने ओलंपियन ललित उपाध्याय की राजधानी रॉयल्स को 2-1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस मुकाबले में केतन कुशवाहा को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

समाचार फोटो

महिला हॉकी को बढ़ावा देने के लिए लीग के पहले दिन 22 अक्टूबर को महिला हॉकी खिलाड़ियों का एक प्रदर्शनी मुकाबला भी खेला गया। इस मैच में इंद्रावती टाइग्रेस ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए महानदी फाल्कन्स को 4-1 से पराजित किया। महिला खिलाड़ियों के इस मुकाबले ने भी प्रतियोगिता में विशेष आकर्षण जोड़ा और दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

लीग में लगातार रोमांचक मुकाबलों का सिलसिला जारी है। 23 अक्टूबर को शाम 5:30 बजे मैनपाट टाइटन्स और बैलाडीला बुल्स आमने-सामने होंगे, जबकि शाम 7:30 बजे चक्रधर चैम्पियन्स और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा। 24 अक्टूबर को शाम 5:30 बजे राजधानी रॉयल्स का सामना चक्रधर चैम्पियन्स से होगा, और शाम 7:30 बजे न्यायधानी नाइट्स और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स भिड़ेंगे। 25 अक्टूबर को शाम 5:30 बजे न्यायधानी नाइट्स और बैलाडीला बुल्स के बीच मुकाबला होगा, जिसके बाद शाम 7:30 बजे राजधानी रॉयल्स और मैनपाट टाइटन्स आमने-सामने होंगे।

26 अक्टूबर को शाम 5:30 बजे संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और बैलाडीला बुल्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा, और इसी दिन शाम 7:30 बजे चक्रधर चैम्पियन्स और मैनपाट टाइटन्स के बीच भिड़ंत होगी। 27 अक्टूबर को शाम 5:30 बजे न्यायधानी नाइट्स का मुकाबला चक्रधर चैम्पियन्स से होगा, जबकि शाम 7:30 बजे राजधानी रॉयल्स और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स आमने-सामने होंगे।

28 अक्टूबर को शाम 5:30 बजे न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स के बीच मुकाबला होगा, और शाम 7:30 बजे राजधानी रॉयल्स और बैलाडीला बुल्स भिड़ेंगे। लीग चरण के अंतिम दिन 29 अक्टूबर को शाम 5:30 बजे संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और मैनपाट टाइटन्स तथा शाम 7:30 बजे चक्रधर चैम्पियन्स और बैलाडीला बुल्स के बीच मुकाबले खेले जाएंगे।

30 अक्टूबर को सभी टीमों के लिए विश्राम का दिन रहेगा। इसके बाद, 31 अक्टूबर को खिताबी मुकाबले में जगह बनाने के लिए चार टीमों के बीच सेमीफाइनल खेले जाएंगे। पहला सेमीफाइनल शाम 5:30 बजे और दूसरा सेमीफाइनल शाम 7:30 बजे से होगा। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 नवम्बर को शाम 5:30 बजे लीग का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला खेला जाएगा, जो इस रोमांचक प्रतियोगिता का समापन करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button