राजनांदगांव जिले में अवैध धान बिक्री रोकने के लिए कार्रवाई की जा रही है। धान उपार्जन केंद्र घुमका का खाद्य और राजस्व विभाग ने निरीक्षण किया। ऑनलाइन रिपोर्ट के अनुसार, केंद्र में 357 किसानों से 21,166 क्विंटल (52,915 बोरा) धान खरीदी दर्ज थी।
.
निरीक्षण के दौरान उपार्जन केंद्र परिसर में रखे बोरो की गणना की गई, जिसमें 517.60 क्विंटल (1,294 बोरा) धान एक्स्ट्रा पाया गया। यह धान अवैध विक्रय के लिए भंडारित किया गया था। अवैध भंडारित धान की जब्ती कार्रवाई की गई है।
मामले में एक व्यापारी की संलिप्तता सामने आई है, जिसकी जांच जारी है। टीम का कहना है कि जांच के बाद आगे विधिक और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिले में अब तक कुल 144 मामलों में 5.46 करोड़ से अधिक का 17621.86 क्विंटल धान और 8 वाहन राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने जब्त किए हैं।

संयुक्त दल ने 6 नए मामले दर्ज करते हुए 20.13 लाख का 649.60 क्विंटल (1624 बोरा) धान जब्त किया है। इस कार्रवाई में राजनांदगांव अनुविभाग में 2 मामलों में 17.53 लाख का 565 क्विंटल धान, डोंगरगढ़ अनुविभाग में 3 मामलों में 2.29 लाख मूल्य का 74 क्विंटल धान और डोंगरगांव अनुविभाग में 1 मामले में 31 हजार रुपए का 10 क्विंटल धान जब्त किया गया है।
खरीफ विपणन साल 2025-26 में अब तक राजनांदगांव अनुविभाग में 59 मामलों में 3.19 करोड़ रुपए का 10294.80 क्विंटल धान और 2 वाहन जब्त हुए हैं। डोंगरगढ़ अनुविभाग में 42 मामलों में 1.08 करोड़ रुपए का 3513.26 क्विंटल धान और 2 वाहन जब्त किए गए है।
डोंगरगांव में 1.18 करोड़ का धान और 4 वाहन जब्त
इसी तरह, डोंगरगांव अनुविभाग में कुल 43 मामलों में 1.18 करोड़ रुपए का 3813.80 क्विंटल धान और 4 वाहन जब्त किए गए हैं। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में अवैध धान बिक्री में संलिप्त पाए जाने पर कोचियों और बिचौलियों के खिलाफ आपराधिक केस भी दर्ज किए जा सकते हैं।
अवैध धान पर सख्त जांच जारी
जिले में कोचियों और बिचौलियों पर लगातार कार्रवाई जारी है। इसके तहत, 1500 छोटे और बड़े मंडी अनुज्ञप्तिधारियों को सूचीबद्ध कर अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार और खाद्य-मंडी अधिकारियों की ओर से जांच की जा रही है ताकि अवैध रूप से भंडारित धान को जब्त किया जा सके।

अवैध धान आवक रोकने तीन अंतरराज्यीय चेकपोस्ट स्थापित
बता दें कि अंतरराज्यीय अवैध धान आवक की रोकथाम के लिए जिले में बोरतलाब, पाटेकोहरा और कल्लूबंजारी में तीन अंतरराज्यीय चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। जहां मंडी, नगर सेना, वन विभाग और राजस्व अधिकारियों की तीन पालियों में 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है।
घुमका उपार्जन केंद्र में औचक निरीक्षण, अवैध धान जब्त
धान उपार्जन केंद्र घुमका का खाद्य और राजस्व विभाग ने निरीक्षण किया। ऑनलाइन रिपोर्ट के अनुसार केंद्र में 357 किसानों से 21,166 क्विंटल (52,915 बोरा) धान खरीदी दर्ज थी। निरीक्षण के दौरान उपार्जन केंद्र परिसर में रखे बोरो की गणना की गई, जिसमें 517.60 क्विंटल (1,294 बोरा) धान अतिरिक्त पाया गया।
यह धान अवैध विक्रय के लिए भंडारित किया गया था। अवैध भंडारित धान की जब्ती कार्रवाई की गई है। मामले में एक व्यापारी की संलिप्तता सामने आई है, जिसकी जांच जारी है। जांच के बाद आगे विधिक और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
<
