![]()
.
पत्थलगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत पंडरीपानी स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में शनिवार को दीपावली पर्व के अवसर पर एक भव्य सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूरे आयोजन में बच्चों की उमंग, प्रतिभा और भारतीय संस्कृति की छवि देखने को मिली।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान के रूप में आकर्षक वेशभूषा में की गई रामलीला से हुई। बच्चों ने भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रमुख प्रसंगों का मंचन करते हुए रावण वध के साथ रामराज्य की स्थापना का संदेश दिया। इस जीवंत प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरे माहौल को धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक गौरव से भर दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजकुमार प्रसाद ने इस अवसर पर कहा कि दीपावली केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि यह अच्छाई की बुराई पर जीत का प्रतीक है।
बच्चों को यह सिखाना जरूरी है कि दीपावली आत्मप्रकाश, सत्य और धर्म की विजय का पर्व है। उन्होंने कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दूसरे चरण में विद्यालय में हाउस-वाइज रंगोली प्रतियोगिता एवं दीया मेकिंग गतिविधियां आयोजित की गईं। दयानंद, श्रद्धानंद, विवेकानंद और हंसराज- चारों हाउस के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मकता का सुंदर प्रदर्शन किया। रंगोली में पारंपरिक भारतीय कलाकृतियों के साथ-साथ समकालीन डिजाइन भी देखने को मिले, जिनमें दीपावली के विभिन्न भावों को चित्रित किया गया था।
<
