ब्रिटिशकालीन 34 सायफन गेट खुद खुल गए।
धमतरी जिले में लगातार बारिश के कारण माड़मसिल्ली बांध लबालब भर गया है। इसके चलते ब्रिटिशकालीन 34 सायफन गेट खुद ही खुल गए हैं, जिससे बांध से पानी की निकासी शुरू हो गई है।
.
मुरुमसिल्ली गांव स्थित इस बांध में पानी का स्तर 99.36 प्रतिशत तक पहुंच गया है। वर्तमान में बांध में 2232 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है और सायफन गेट के माध्यम से इतनी ही मात्रा में पानी की निकासी भी हो रही है।
सायफन गेट खुलने का नजारा देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए आसपास के क्षेत्रों में मुनादी कराई गई है और सुरक्षा के लिए ग्रिल भी लगाए गए हैं। वहीं, मौसम विभाग ने जिले में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया है।

जिले में अलग-अलग क्षेत्रों में खंड वर्षा
मौसम विभाग ने धमतरी जिले में ज्यादा बारिश की चेतावनी जारी की है। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में खंड वर्षा से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। गंगरेल बांध भी 93.22 प्रतिशत भर चुका है। यदि कैचमेंट एरिया में पानी की आवक बढ़ती है, तो रुद्री बराज से महानदी में पानी छोड़ा जा सकता है।

अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश दर्ज
पिछले 24 घंटों के दौरान धमतरी तहसील क्षेत्र में 27.8 मिमी, कुरूद में 23.5 मिमी, मगरलोड में 11.8 मिमी, नगरी में 10.9 मिमी, भखारा में 34.3 मिमी, कुकरेल में 15 मिमी और बेलरगांव तहसील क्षेत्र में 18.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। जिले की औसत वर्षा 20.3 मिमी रही है।
<
