![]()
रायपुर के बढ़ईपारा इलाके में गुरुवार सुबह एक किराना दुकान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद दुकान से धुएं का गुबार और आग की लपटें उठने लगीं, जिसे देखकर आसपास के लोग घबरा गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कुछ देर की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया, जिससे आसपास की दुकानों और मकानों तक आग फैलने से बच गई। दुकान कुमार नाम के कारोबारी की बताई जा रही है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दुकान से धुआं निकलता दिखाई दे रहा है और दमकल कर्मी आग बुझाने में जुटे नजर आ रहे हैं। सुबह 6.30 बजे लगी थी आग प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह दुकान बंद थी। इसी दौरान अंदर से धुआं निकलता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने दुकान के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि फायर विभाग और पुलिस की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। आग से दुकान में रखे किराना सामान, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और अन्य सामग्री को नुकसान पहुंचा है। नुकसान का सही आंकलन आग पूरी तरह बुझने और जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेगा। आगजनी में जनहानि नहीं राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। फायर विभाग की त्वरित कार्रवाई के कारण बड़ा हादसा टल गया। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।
<
