छ्त्तीसगढ़ के जगदलपुर में दिवाली की रात 2 गुटों में जमकर मारपीट हुई थी। गाड़ी हटाने को लेकर युवकों ने एक-दूसरे को दौड़ा-दौड़ाकर मारा था। इस मामले में अब पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल 19 लोगों पर FIR दर्ज कर ली है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
.
बताया जा रहा है कि इनमें कांग्रेस के पार्षद और नेता शामिल हैं, जबकि भाजपा के कार्यकर्ताओं के परिवार के सदस्य हैं। भीड़ ने थाने के अंदर घुसकर भी बवाल किया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गाड़ी हटाने को लेकर भिड़े थे 2 पक्ष।

मारपीट करने वाले 19 लोगों पर FIR।
दोनों पक्ष के 19 लोगों पर FIR
दरअसल, पुलिस ने दोनों पक्षों की तरफ से काउंटर FIR दर्ज की है। इससे पहले दिवाली की रात दोनों पक्षों के बीच पुलिस थाने में ही समझौता हो गया था। अब पुलिस ने अभिनव सिंह कुशवाह की शिकायत पर (जिसमें कांग्रेस के लोग हैं) रोहित सुराना, लोकेश चौधरी, सौरभ सेठिया, अयान राजा, नवनीत कोष्टा समेत अन्य पर केस दर्ज किया है।
इन पर BNS की धारा 191 (2), 324(4), 296, 115 (2) के तहत FIR दर्ज की गई है।
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से प्रकाश सेठिया की ओर से मिली शिकायत के आधार पर आर्यन अवस्थी, अभिनव कुशवाह, आर्यन गुप्ता, अभिषेक, रजत कुशवाह, हर्ष, करन अरोरा, प्रांशु कुशवाह, राजा कुशवाह पर FIR दर्ज हुई है। इनपर भी 191 (2), 296, 115 (2) के तहत FIR दर्ज की गई है। इन दोनों पक्षों के बीच सड़क पर खड़ी गाड़ी हटाने को लेकर विवाद हुआ था।
हाई प्रोफाइल है मामला
दरअसल, दोनों पक्ष के लोग कांग्रेस और भाजपा में राजनीति से जुड़े हुए हैं। रईसजादे और बड़े घर के लड़के हैं। यही वजह थी कि इन्हें पुलिस का भी खौफ नहीं था।
पहले सिटी कोतवाली के ठीक सामने इन्होंने बवाल किया, झगड़ा किया, फिर पुलिस थाने में ही घुसकर विवाद किया था। बड़ी बात है कि उस रात पुलिस थाने के सामने जमकर मारपीट चलती रही।
लेकिन पुलिस बाहर पहुंचकर विवाद शांत नहीं करवा पाई थी। भीड़ थाने के अंदर घुसी और यहां भी बवाल हुआ था। उस रात दोनों पक्षों के बीच समझौता करवा दिया गया था।
जब मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो उसके बाद पुलिस ने FIR दर्ज करवाई। थाना प्रभारी बोला सिंह राजपूत ने कहा कि, दोनों तरफ से की लिखित शिकायत की गई है। जमानतीय धाराओं पर काउंटर FIR दर्ज हुई है। मामले की जांच भी जारी है।

थाने के सामने भिड़े थे दोनों पक्ष।
सियासी बयानबाजी भी शुरू
इस मामले को लेकर भाजपा जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडेय ने कहा कि मारपीट करने वाले कांग्रेसी ही हैं। कानून व्यवस्था को तोड़ना इनका काम है। इससे पहले भी पुलिस थाना में घुसकर एक पुलिस अधिकारी के साथ बवाल किया था और अब दोबारा ऐसा ही कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मारपीट करना, कानून व्यवस्था को तोड़ना यह कांग्रेस का परंपरागत धंधा बन चुका है। गुंडागर्दी और दादागिरी करना यह इनका काम है। यह उनके विचारों में आता है।
सुशील मौर्य बोले- गलत आरोप
भाजपा जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडेय के बयान का कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुशील मौर्य ने भी पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था बिगड़ चुकी है।
अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। सरकार अपराध को कंट्रोल नहीं कर पा रही है। जगदलपुर चाकू पुर बन गया है। भाजपा सरकार के लोग कांग्रेस पर आरोप लगाकर खुद का बचाव कर रहे हैं।
<
