![]()
बलौदाबाजार जिले के कटगी गांव के नितेश देवांगन ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में प्रदेश की टॉप-10 मेरिट लिस्ट में 9वां स्थान हासिल किया है। नितेश ने 96.60 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे जिले का नाम रोशन हुआ है। नितेश एक साधारण परिवार से आते हैं, जहां उनके पिता कपड़े बुनने का काम करते हैं। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद, परिवार ने नितेश की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। नितेश की सफलता की खबर मिलते ही उनके परिवार और पूरे गांव में खुशी का माहौल है। परिजन, रिश्तेदार और ग्रामीण लगातार उनके घर पहुंचकर बधाई दे रहे हैं। नितेश ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया है। उनका कहना है कि कड़ी मेहनत और निरंतर पढ़ाई से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। अब नितेश उच्च शिक्षा प्राप्त कर एक बड़ा अधिकारी बनने का सपना देख रहे हैं।
<
