द ब्लेज ई न्यूज,जशपुरनगर : शहर में अवैध बैनर और पोस्टर के खिलाफ बुधवार को पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। यातायात प्रभारी एसआई प्रदीप मिश्रा ने बताया कि एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर शहर के यातायात को प्रभावित करने वाले अवैध बैनर और पोस्टरों के विरुद्ध कार्रवाई शुरू की गईं है। उन्होंने बताया कि नगर पालिका से बिना अनुमति और यातायात में बाधा उत्पन्न कर रहे बैनर और पोस्टरो को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। ख़ास कर गणेश उत्सव के दौरान शहर में उमड़ने वाली भीड़ की सुरक्षा को देखते हुए इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

त्यौहार के सीजन में बढ़ता है प्रकोप –
गणेश उत्सव,दुर्गा पूजा,दशहरा और दीपावली जैसे त्यौहारी सीजन के दौरान शहर में अवैध होर्डिंग,बैनर और पोस्टर की बाढ़ आ जाती है। व्यवसायियों में शहर के प्राइम लोकेशन में होर्डिंग लगाने की होड़ लग जाती है। नियम और मानको को दरकिनार कर लगाए जाने वाले इन होर्डिंग से राहगिरो की सुरक्षा भी खतरे में आ जाती है।

