.
ग्राम गुंजेरा में 4 दिसंबर को धान का टोकन कटा के वापस अपने घर आ रहे किसान परगनिहा भारती (70) को एक मैजिक वाहन ने रिवर्स करते समय अपनी चपेट में ले लिया। इससे परगनिहा को गंभीर चोट लगी थी, जिसे इलाज के लिए परिजनों ने बलौदाबाजार के शासकीय अस्पताल में भर्ती किया था। बाद में बेहतर इलाज के लिए बलौदाबाजार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान 9 दिसंबर की शाम को परगनिहा की मौत हो गई। सूचना मिलने पर उसी रात मारो चौकी में मर्ग अपराध पंजीबद्ध किया है।
मैजिक वाहन क्रमांक सीजी 10 एटी 2391 ग्राम गुंजेरा के ही निवासी विनोद जांगड़े का बताया जा रहा है। उक्त वाहन स्कूली बच्चों को स्कूल लाने ले जाने का काम करता है। घटना के वक्त मैजिक वाहन को कौन चला रहा था इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस इसकी जांच कर रही है। घटना दिनांक को घायल के परिजनों व वाहन मालिक के बीच परगनिहा के इलाज को लेकर समझौता हुआ था, जिस पर वाहन मालिक द्वारा कुछ सहायता राशि देने की बात हुई थी। परगनिहा का इलाज अस्पताल में होने लगी।
इलाज के दौरान उसकी 9 दिसंबर को मौत होने के बाद 10 दिसंबर की शाम परगनिहा की लाश गृह ग्राम लाया गया। गांव पहुंचने के बाद मृतक के परिजनों ने वाहन मालिक को सूचना देकर उसे अपने घर बुलाया, जिसे वाहन मालिक ने नजर अंदाज कर नहीं आया। इससे नाराज मृतक के परिजनों ने परगनिहा के लाश को वाहन मालिक के घर छोड़ दिया, जिससे माहौल गरम हो गया।
पुलिस ने किया हस्तक्षेप इस घटना की चर्चा ग्राम गुंजेरा सहित आसपास गांवों में तेजी से फैल गई। क्षेत्र में इस तरह की पहली घटना है। जहां पैसे की लेनदेन को लेकर नाराज परिजनों ने लाश को किसी दूसरे के घर में छोड़ दिया हो। लाश को वाहन मालिक के घर छोड़े जाने की सूचना मिलने पर मारो पुलिस के अलावा नांदघाट पुलिस भी हरकत में आई व मृतक के परिजनों को समझाने उसके घर पहुंच गई। लेकिन मृतक के परिजनों ने बात नहीं मानी। इसके बाद रात में ही एसडीओपी बेमेतरा द्वारा मृतक के घर पहुंच कर उनके रिश्तेदारों, परिजनों को किसी तरह मनाया गया। तब रात करीब 11 बजे लाश को उनके परिजनों ने वाहन मालिक के घर से अपने घर ले गए। 11 दिसंबर को मृतक का अंतिम संस्कार किया गया।
<
