![]()
रायपुर में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। राजधानी के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित WRS कॉलोनी के खुले मैदान में एक युवक की सिर कुचली हुई लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने सुबह मैदान में खून से लथपथ शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही खमतराई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक के सिर और चेहरे पर किसी भारी पत्थर या ठोस वस्तु से वार किया गया है। घटनास्थल पर बड़ी मात्रा में खून फैला हुआ मिला, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या उसी जगह पर की गई है। हाथ पर गुदे नाम से पहचान की कोशिश मृतक की अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस को युवक के दाहिने हाथ पर ‘RK सारथी’ नाम का टैटू मिला है। इसी सुराग के आधार पर उसकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है। आसपास के थाना क्षेत्रों से गुमशुदा व्यक्तियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है ताकि मृतक की पहचान हो सके। मौके पर पहुंची क्राइम ब्रांच और एफएसएल टीम मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। विशेषज्ञों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना के समय वहां आने-जाने वाले लोगों की पहचान की जा सके। हत्या के कारणों की जांच जारी पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या अन्य व्यक्तिगत कारणों को लेकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात में गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए हैं। फिलहाल खमतराई पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मृतक की पहचान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
<
