छत्तीसगढ़

एशियन गेम्स 2026 की स्वर्ण विजेता संजू देवी को छत्तीसगढ़ सरकार देगी 51 लाख रुपये

जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य संजू देवी को छत्तीसगढ़ सरकार 51 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को रायपुर स्थित अपने निवास पर संजू देवी से मुलाकात कर उनका अभिनंदन किया और इस इनामी राशि की घोषणा की।

एशियन गेम्स की महिला कबड्डी स्पर्धा के फाइनल में भारत ने ईरान को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। इस खिताबी जीत में कोरबा जिले की निवासी संजू देवी ने अहम भूमिका निभाई है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि संजू की उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं है, बल्कि यह प्रदेश के गांवों और छोटे शहरों में खेल का सपना देख रहे हजारों युवाओं और बेटियों को नई उड़ान देगी।

सीएम ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार दूरस्थ अंचलों से निकलने वाली खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के लिए बेहतर प्रशिक्षण व पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने संजू देवी से उनके एशियन गेम्स के अनुभवों पर विस्तार से चर्चा की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सम्मान से अभिभूत संजू देवी ने इस प्रोत्साहन के लिए राज्य सरकार का आभार जताते हुए कहा कि यह सहयोग उन्हें भविष्य में और भी बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।

कोरबा के साधारण ग्रामीण परिवेश से निकलकर अंतरराष्ट्रीय फलक पर चमकने वाली संजू देवी का सफर संघर्षपूर्ण रहा। सीमित संसाधनों और घोर अभावों के बावजूद उन्होंने मिट्टी के मैदान से पसीना बहाया।

निरंतर कड़े अभ्यास, पारिवारिक त्याग तथा अटूट लगन के दम पर उन्होंने यह ऐतिहासिक स्वर्णिम मुकाम हासिल किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button