छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ से मानसून की वापसी के संकेत, अगले 24 घंटे में अनुकूल परिस्थितियां

छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के संकेत मिलने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में प्रदेश के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं। अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। शुक्रवार को बीजापुर को छोड़कर सभी जिलों में मौसम शुष्क रहा।

बीजापुर में बहुत हल्की वर्षा हुई। राजधानी में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए प्रदेश में किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है।

प्रदेश में शुक्रवार को तापमान में अंतर साफ नजर आया। राजनांदगांव में 34.3 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री रहा, जो प्रदेश में सबसे कम है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री, जगदलपुर में 21.6 डिग्री और दुर्ग में 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 32.8 और न्यूनतम 23.7 डिग्री रहा। माना एयरपोर्ट पर अधिकतम तापमान 33.8 और न्यूनतम 24.4 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा गुरदासपुर, चंडीगढ़, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, धौलपुर, उदयपुर, डीसा और नलिया होते हुए आगे बढ़ रही है। अगले 24 घंटे में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के बाकी हिस्सों के साथ गुजरात व मध्य प्रदेश के अधिकांश भागों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने की संभावना है।

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी मानसून की वापसी के अनुकूल स्थिति बन सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और उससे लगे बिहार के ऊपर 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।

राजधानी में 3 अक्टूबर को मौसम मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। शुक्रवार को शहर में सुबह और शाम दोनों समय वर्षा शून्य दर्ज की गई। आसमान में बादलों की मात्रा करीब 10 प्रतिशत रही। दिन में औसत हवा की गति दो किलोमीटर प्रति घंटा रही। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button