सरगुजा के अधिकारी को स्वाइन फ्लू, रायपुर में इलाज:जिले में इस सीजन में पहला केस, स्वास्थ्य अमला अलर्ट पर लेकिन दवाएं उपलब्ध नहीं

![]()
सरगुजा के एक अधिकारी के स्वाइन फ्लू (H1N1) वायरस से पीड़ित होने की पुष्टि हो गई है। उनका इलाज रायपुर रामकृष्ण हॉस्पिटल में चल रहा है। उनके परिवार के अन्य सदस्य भी स्वस्थ हैं। मामले की जानकारी मिलने के बाद सरगुजा स्वास्थ्य अमला अलर्ट पर है। जानकारी के मुताबिक, सरगुजा के सेंट्रल जेल से जुड़े एक अधिकारी अपने परिवार के साथ कांकेर गये थे। बुखार, सर्दी और सांस लेने में तकलीफ होने की शिकायत होने के कारण उनका इलाज किया जा रहा था। उनका H1N1 टेस्ट किया गया तो वे पॉजिटिव पाये गये। उन्हें रामकृष्ण हॉस्पिटल रायपुर में भर्ती कराया गया है। नोडल अधिकारी बोले-सरगुजा में पीड़ित नहीं मिले मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के नोडल अधिकारी डा. शैलेंद्र गुप्ता ने बताया कि एक अधिकारी के H1N1 वायरस से पीड़ित होने की सूचना मिली है। वे परिवार सहित कांकेर गये थे। वे सरगुजा में रहते हुए स्वाइन फ्लू पीड़ित हुए या रायपुर, कांकेर के प्रवास के दौरान से पीड़ित हुए, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। डा. शैलेंद्र गुप्ता ने बताया कि स्वास्थ्य अमले ने उनके परिवार की कांट्रैक्ट ट्रेसिंग कर ली है। अन्य सभी लोग स्वस्थ हैं और कोई लक्षण नहीं मिला है। सरगुजा जिले में अन्य कोई व्यक्ति अभी स्वाइन फ्लू पॉजिटिव नहीं है। अलर्ट पर स्वास्थ्य अमला, मेडिकल कॉलेज के पास दवाएं नहीं डा. शैलेंद्र गुप्ता ने बताया कि सरगुजा में स्वास्थ्य अमला अलर्ट पर है। गंभीर प्रभावित लोगों के लिए आइसोलेशन वार्ड में रखने की व्यवस्था है। फिलहाल एच1एन1 वायरस की टेस्टिंग की सुविधा अंबिकापुर के वायरोलॉजी लैब में नहीं है। जांच के लिए सैंपल रायपुर भेजा जाएगा। डा. शैलेंद्र गुप्ता ने बताया कि मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में फिलहाल स्वाइन फ्लू से निबटने के लिए एंटी वायरल दवाएं नहीं हैं। इसके लिए CGMSC को सूचित किया गया है। दवाओं की व्यवस्था के लिए कोशिश की जा रही है। सरगुजा सीएमएचओ डा. पीएस मार्को ने लोगों से लगातार बुखार आने, सर्दी ठीक नहीं होने एवं सीने में जकड़न की शिकायत होने पर अपनी जांच अनिवार्य रूप से कराने की सलाह दी है। स्वाइन फ्लू की जानकारी समय रहते मिल जाने पर आसानी से इसका इलाज हो सकता है।
Source link




