![]()
बलरामपुर जिले के रामानुजगंज में एक अज्ञात वाहन ने 62 साल के बुजुर्ग को टक्कर मार दी। रामनाथ भुइया पीपरोल गांव के रहने वाले थे। शुक्रवार (10 अक्टूबर) को वे जामवंतपुर से वृद्धा पेंशन न मिलने के कारण वापस लौट रहे थे।
.
तभी दोपहर 12 बजे यह हादसा हुआ। घटना के बाद वे सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। घटना स्थल पर काफी देर तक लोग आते-जाते रहे, लेकिन किसी ने भी घायल वृद्ध को अस्पताल पहुंचाने में मदद नहीं की। रामनाथ भुइया काफी समय तक सड़क पर तड़पते रहे।
स्थानीय युवक ने पहुंचाया अस्पताल
इसी दौरान, एक स्थानीय व्यक्ति ने घटना की सूचना जिला पंचायत के सभापति बद्री यादव को दी। सूचना मिलते ही सभापति यादव तुरंत मौके पर पहुंचे और अपने वाहन से घायल रामनाथ भुइया को रामानुजगंज के 100 बिस्तर अस्पताल ले गए।
बलरामपुर रेफर किया
अस्पताल में डॉक्टरों ने रामनाथ भुइया की हालत गंभीर बताई। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बलरामपुर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात वाहन चालक की तलाश कर रही है।
<
