Uncategorized

दुर्ग के गनियारी हाईस्कूल में परीक्षा के दौरान छत का प्लास्टर गिरा, छात्रा सहित 3 बच्चे घायल

दुर्ग जिले के रसमड़ा के ग्राम गनियारी स्थित शासकीय हाईस्कूल में मंगलवार को त्रैमासिक परीक्षा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। परीक्षा दे रहे छात्रों के ऊपर अचानक क्लासरूम की छत का प्लास्टर गिर गया। इस हादसे में 3 बच्चे घायल हो गए।

हादसे में कक्षा 10वीं की छात्रा द्रौपदी ठाकुर के सिर में गंभीर चोट आई है। उसके सिर पर तीन टांके लगाए गए हैं। छात्रा को इलाज के लिए जिला अस्पताल दुर्ग में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। बाकी दो बच्चों को मामूली चोटें आने की जानकारी है।

हादसा उस समय हुआ, जब स्कूल में करीब 50 छात्र-छात्राएं 10वीं की संस्कृत विषय की परीक्षा दे रहे थे। अचानक छत का प्लास्टर टूटकर नीचे गिरा, जिससे परीक्षा दे रहे बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। छत का प्लास्टर गिरते ही क्लास में मौजूद बच्चों में डर का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए परीक्षा भी प्रभावित हुई।

हादसे के बाद घायल बच्चों को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। स्कूल प्रबंधन ने घायल बच्चों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

घटना की जानकारी मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से जांच दल को स्कूल भेजा गया। जांच टीम स्कूल भवन की स्थिति और छत के प्लास्टर गिरने के कारणों की जांच करेगी। यह भी देखा जा रहा है कि स्कूल भवन की हालत पहले से खराब थी या नहीं और क्या भवन की मरम्मत या सुरक्षा को लेकर पहले कोई शिकायत सामने आई थी।

गनियारी हाईस्कूल में यह हादसा ऐसे समय हुआ है, जब राज्य में सरकारी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर लगातार ध्यान दिया जा रहा है। दुर्ग जिला स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव का गृह जिला भी है।

शिक्षा विभाग की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि स्कूल भवन की छत की स्थिति क्या थी और हादसे के लिए जिम्मेदारी किसकी बनती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button