Uncategorized

धमतरी के अर्जुनी में अछोटा पुल से ट्रैक्टर-ट्रॉली 40 फीट नीचे महानदी में गिरी, ड्राइवर और हेल्पर ने कूदकर बचाई जान

धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र के अछोटा पुल पर शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। बाइक सवार को बचाने के चक्कर में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर करीब 40 फीट नीचे महानदी में जा गिरी। ट्रैक्टर के नदी में गिरने के बाद ट्रॉली कुछ फीट तक रेत में धंस गई।

हादसे के दौरान ट्रैक्टर में मौजूद ड्राइवर और हेल्पर ने कूदकर अपनी जान बचाई। दोनों को चोटें आई हैं और जिला अस्पताल में उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

बाइक को बचाने के दौरान पुल से नीचे गिरी ट्रॉली ड्राइवर अनुद कुमार ध्रुव ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली खाली थी और धमतरी से अछोटा की ओर जा रही थी। अछोटा पुल के बीच में पहुंचने के दौरान सामने आई बाइक को बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर महानदी की ओर चली गई और पुल से नीचे जा गिरी।

ड्राइवर के अनुसार, वाहन को बनवाने के लिए दिया गया था और उसे वापस ले जाया जा रहा था। ट्रैक्टर-ट्रॉली खाली होने के कारण उसमें कोई सामान नहीं था।

ट्रैक्टर-ट्रॉली पुल से नीचे गिरने के बाद कई हिस्सों में बिखर गई। हादसे में ट्रॉली पलटने से उसका पिछला हिस्सा ऊपर की ओर हो गया और दोनों पिछले टायर ट्रॉली से अलग होकर बाहर निकल गए।

ड्राइवर ने बताया कि उसने ट्रैक्टर से कूदकर अपनी जान बचाई। हादसे में उसे हल्की चोट आई है। हेल्पर भी घायल हुआ है।

वरदान एंबुलेंस के शिव प्रधान ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली के पुल से नीचे गिरने की सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची। वहां ड्राइवर और हेल्पर घायल अवस्था में मिले। दोनों को वरदान एंबुलेंस से जिला अस्पताल धमतरी लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे की सूचना मिलने के बाद अर्जुनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर बाइक को बचाने के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button