टॉप न्यूज़

Durg Woman Murder Case | CCTV Footage Shows Suspects, Police Probe


दुर्ग-भिलाई1 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

दुर्ग के पुलगांव थाना क्षेत्र में 55 वर्षीय महिला की हत्या के मामले में पुलिस जांच अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे बढ़ रही है। जांच के दौरान पुलिस को ऐसे फुटेज मिले हैं, जिनमें महिला वारदात से पहले दो युवकों के साथ अलग-अलग जगहों पर नजर आई है।

इसके बाद से पुलिस का शक इन दोनों युवकों पर गहरा गया है। दोनों की पहचान के लिए दुर्ग शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, महिला की हत्या से पहले उसके साथ दुष्कर्म किए जाने की भी आशंका है।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि सिर को पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या की गई। हालांकि दुष्कर्म की पुष्टि पोस्टमार्टम और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

सीसीटीवी खंगाल रही है पुलिस

जांच के दौरान पुलिस ने दुर्ग शहर से पुलगांव ओवरब्रिज तक लगे कई सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर जब्त किए हैं। फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि महिला किन रास्तों से होकर गई और उसके साथ दिखे दोनों युवक कौन हैं।

पुलिस ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और ऑटो स्टैंड के आसपास लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली है। इन जगहों पर दोनों युवक कई फुटेज में दिखाई दिए हैं।

आरोपियों की तलाश तेज

पुलिस ने संदिग्ध दोनों युवकों की तलाश तेज कर दी है। उनकी पहचान के लिए उनकी तस्वीरें ऑटो चालकों समेत कई लोगों को दिखाकर पहचान कराने की कोशिश की गई, लेकिन अब तक उनकी पहचान नहीं हो सकी है।

जांच टीम ने महिला के परिजनों से भी पूछताछ की है। परिजन भी दोनों युवकों को पहचान नहीं सके। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश जारी है।

ऐसे सामने आया था मामला

17 जुलाई को पुलगांव नाला के पास रिलायंस पेट्रोल पंप के बगल से शिवनाथ नदी की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते के किनारे झाड़ियों में महिला का अर्धनग्न शव मिला था। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। मृतका के पति का पहले ही निधन हो चुका था। वह अपनी बेटी और दामाद के साथ रहती थीं और मजदूरी कर परिवार का खर्च चलाती थीं।

परिजनों के अनुसार महिला 16 जुलाई की शाम घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। काफी तलाश के बाद 17 जुलाई को सिटी कोतवाली थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। कुछ ही घंटे बाद पुलगांव क्षेत्र से उनका शव मिलने की सूचना मिली।

दुष्कर्म की भी आशंका जता रही पुलिस

पुलिस ने घटनास्थल पर महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए थे। शुरुआती जांच में माना गया कि पत्थर से सिर कुचलने के कारण उनकी मौत हुई। वहीं शव अर्धनग्न हालत में मिलने के कारण दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका भी जताई गई। मामले की जांच में पुलगांव थाना पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच, एफएसएल और डॉग स्क्वाड की टीम भी लगी हुई है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज में दिखे दोनों युवकों की पहचान कर उन्हें पकड़ना जांच की सबसे बड़ी कड़ी माना जा रहा है।



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button