कार चालक ने स्ट्रीट डॉग पर चढ़ाई गाड़ी
भिलाई के कोहका बजरंग चौक इलाके में बुधवार देर रात एक कार चालक ने जानबूझकर सड़क किनारे बैठे कुत्ते पर अपनी कार चढ़ा दी। यह घटना पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों
.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार रात लगभग 10 बजे के आसपास एक सफेद कार बजरंग चौक से गुजर रही थी। सड़क किनारे कुछ लोग खड़े थे और पास में दो-तीन स्ट्रीट डॉग बैठे थे।
इसी दौरान एक कार गुजर रही थी। तभी चालक ने अचानक कार की रफ्तार बढ़ा दी और सीधे सड़क किनारे बैठे एक कुत्ते पर कार चढ़ा दी। हादसे में कुत्ता गंभीर रूप से घायल हो गया, लेकिन आसपास खड़े लोग बाल-बाल बच गए। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

डॉग लवर्स ने की कार्रवाई की मांग स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल डॉग को उठाया और पास के पशु चिकित्सक के पास ले जाकर उसका प्राथमिक उपचार करवाया। डॉग की हालत अभी स्थिर बताई जा रही है, लेकिन उसके पैरों और शरीर में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद इलाके के लोगों ने नाराजगी जताई है। सोशल मीडिया पर भी इस घटना की कड़ी आलोचना की जा रही है। कई डॉग लवर्स ने इसे निर्मम और अमानवीय हरकत बताते हुए आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यह कोई दुर्घटना नहीं बल्कि जानबूझकर किया गया कृत्य है।
कार का नंबर स्पष्ट नहीं फिलहाल वीडियो में कार का नंबर साफ नहीं दिख रहा है, इसलिए चालक की पहचान करना मुश्किल हो रहा है। पुलिस को अभी तक कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है। स्थानीय लोग कह रहे हैं कि अगर आरोपी की पहचान हो जाती है, तो वे खुद जाकर रिपोर्ट दर्ज कराएंगे।

घनी आबादी क्षेत्र में हुई वारदात स्थानीय निवासियों का कहना है कि बजरंग चौक क्षेत्र घनी आबादी वाला इलाका है, जहां रात के समय भी लोग सड़कों पर रहते हैं। ऐसे में लापरवाहीपूर्वक गाड़ी चलाना किसी बड़ी अनहोनी को जन्म दे सकता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस क्षेत्र में ट्रैफिक पुलिस की निगरानी बढ़ाई जाए और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़ी कार्रवाई की जाए।
डॉग लवर्स ने भी कहा है कि अगर आरोपी की पहचान हो जाती है तो वे पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करवाएंगे। उन्होंने यह भी अपील की है कि लोग ऐसे मामलों में चुप न रहें और तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि दोषियों को सजा मिल सके।
<
