![]()
कोंडागांव ब्लॉक एवं शहर कांग्रेस कमेटी ने बुधवार दोपहर कांग्रेस भवन से एसडीएम कार्यालय तक रैली निकाली। इस दौरान महामहिम राज्यपाल, मुख्यमंत्री और कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें स्थानीय जनसमस्याओं का उल्लेख किया गया है। ज्ञापन में बताया गया कि कोंडागांव जिले में इन दिनों अघोषित बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या से आमजन को भारी परेशानी हो रही है। कई किसानों को बिजली की समस्या के कारण अपनी खड़ी फसल पशुओं को खिलानी पड़ रही है। किसानी में नुकसान के चलते स्थानीय युवा पलायन को मजबूर हो रहे हैं। कोंडागांव के सरकारी अस्पतालों में बदहाल व्यवस्था कोंडागांव जिला अस्पताल सहित सभी शासकीय अस्पतालों की स्थिति बद से बदतर हो गई है। अस्पतालों में दवाइयां, ग्लव्स, टांके लगाने वाला धागा और एक्सरे रिपोर्ट पेपर जैसी छोटी-छोटी चीजें भी उपलब्ध नहीं हैं, जिससे मरीजों को ये सामान बाहर से खरीदना पड़ता है। डॉक्टरों की कमी है और जिला अस्पताल में ऑपरेशन के लिए पैसे लिए जाते हैं, जिससे क्षेत्र की जनता निजी अस्पतालों में जाने को मजबूर है। बस्तर के हरे-भरे जंगलों से अवैध रूप से पेड़ों की कटाई और उनका परिवहन किया जा रहा है। आरोप है कि संबंधित विभाग इस पर मूकदर्शक बना हुआ है, जबकि वन मंत्री स्वयं बस्तर से आते हैं। कोंडागांव में पाइपलाइन कार्य पर उठे सवाल कोंडागांव शहर में अमृत मिशन योजना के तहत बिछाई गई पाइपलाइन से शहरवासी परेशान हैं। कोसारटेड़ा से आने वाला पानी कब पहुंचेगा, यह स्पष्ट नहीं है, लेकिन भ्रष्टाचार का मिशन सफल होता दिख रहा है। इसके अलावा, कोंडागांव नगर में चारों तरफ गंदगी पसरी हुई है और नालियों की सफाई तक नहीं हो रही है। महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों को केवाईसी के नाम पर बार-बार परेशान किया जा रहा है, जिसे अनुचित बताया गया है। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजय करन और शहर कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र देवांगन ने कहा कि कोंडागांव ब्लॉक एवं शहर कांग्रेस कमेटी ने आमजन की आवाज बुलंद करते हुए एक दिवसीय प्रदर्शन कर ज्ञापन के माध्यम से सरकार का ध्यान इन समस्याओं की ओर आकर्षित किया है।
<
