सरगुजा में नवविवाहिता ने फांसी लगाई, प्रताड़ना का आरोप:अंबिकापुर में डॉक्टरों की टीम ने किया पोस्टमॉर्टम, दहेज में कार मांनगे का लगाया आरोप

![]()
सरगुजा के कुनिया में नवविवाहिता ने शनिवार शाम घर में फांसी लगा आत्महत्या कर ली। विवाहिता के परिजनों ने दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। रविवार को कमलेश्वरपुर में विवाद की स्थिति बनने और विवाहिता के मायके पक्ष की मांग पर शव को पोस्टमार्टम के लिए अंबिकापुर भेज दिया गया। अंबिकापुर में सोमवार को शव का पोस्टमॉर्टम डॉक्टरों की टीम ने किया। मामला कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, कुनिया निवासी मिनी यादव (23 वर्ष) की शादी करीब 4 वर्ष पूर्व कुनिया के ही अनुज यादव से हुई थी। दोनों की 18 माह की एक बेटी भी है। शनिवार शाम को अनुज यादव चार पीकर अपनी बेटी को साथ लेकर घर से कुछ दूर स्थित किराना दुकान में चला गया था। घर में मिनी यादव ने अपने कमरे में फांसी लगा ली। घटना की सूचना शाम करीब 7 बजे अनुज यादव को मिली तो वह आनन-फानन में दुकान बंद कर घर पहुंचा। मिनी यादव को परिजनों ने फंदे से उतार लिया था। उसे कमलेश्वरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मायके पक्ष ने लगाया प्रताड़ना का आरोप, हंगामा
घटना की सूचना पर मिनी यादव के परिजन भी हॉस्पिटल पहुंचे। वे भी कुनिया के निवासी हैं। परिजनांे ने मिनी यादव की मौत के बाद प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। मिनी यादव के पिता एवं परिजन रविवार को कमलेश्वरपुर में मिनी यादव का पोस्टमॉर्टम कराने को तैयार नहीं हुए और डॉक्टरों की टीम से अंबिकापुर में पोस्टमॉर्टम कराने की मांग रखी। परिजनों की मांग पर शव को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में डॉक्टरों की टीम ने शव का पोस्टमॉर्टम किया और शव परिजनों को सौंपा दिया गया। कमलेश्वरपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पिता ने कहा-दहेज में कार की डिमांड
मिनी यादव के पिता संजय यादव ने कहा कि मिनी यादव को प्रताड़ित किया गया है। उसके साथ मारपीट भी की गई है। शादी के पहले कोई डिमांड नहीं थी। तिलक में बुलट बाइक दिया गया था, उन्होंने कार मांगी थी। मैं नहीं दे सका। संजय यादव ने बताया कि मिनी यादव ने पहले भी प्रताड़ना की जानकारी दी थी। उसकी मौत के बाद जब सूचना पर हॉस्पिटल गया तो उसके नाक, आंख में खून निकला था और नाखून लगा था। कमर के उपर निशान है। मेरी बेटी को न्याय मिले। अनुज यादव रात से फरार है। संजय यादव ने कहा कि पति अनुज यादव, ससुर गोवर्धन यादव, उसकी सास व ननद चारों उसे प्रताड़ित करते थे। ASPबोले-डॉक्टरों की टीम ने किया पोस्टमॉर्टम
सरगुजा एएसपी अमोलक सिंह ने कहा कि नवविवाहिता की फांसी लगाने के कारण मौत हुई है। कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा किया गया है। डॉक्टरों की टीम ने पोस्टमार्टम किया है। मामले में जो भी तथ्य सामने आते हैं, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने कहा-पति से हुआ था विवाद
मामले में ससुराल पक्ष ने दहेज प्रताड़ना के आरोपों से इनकार किया है। अनुज यादव के पिता गोवर्धन यादव सहकारी समिति मैनपाट के प्रबंधक हैं। अनुज यादव की किराने की दुकान है और पैतृक खेती का काम करता है। बताया गया है कि अनुज यादव ने हाल में कीमती नया मोबाइल खरीदा था जो पैंट के पॉकेट में था। मिनी यादव ने ध्यान नहीं दिया और पैंट को पानी में धोने के लिए डूबा दिया, जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस मामले में सभी तथ्यों की जांच कर रही है।
Source link




