सरगुजा में हाथियों के कारण रोका गया आवागमन:उदयपुर क्षेत्र में विचरण कर रहे 27 हाथी, बुजुर्ग पर हमला कर किया घायल

सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र में 27 हाथियों के दल के विचरण के कारण महेशपुर, लक्ष्मणगढ़ मार्ग पर आवाजाही वन विभाग ने रोक दी है। महेशपुर में मंगलवार सुबह हाथी ने एक बुजुर्ग पर हमला कर दिया था। घायल बुजुर्ग का इलाज किया जा रहा है। मंगलवार शाम करमकटरा जंगल से निकले 27 हाथी पांच झुंडों में विचरण कर रहे हैं। हाथियों के अल्कापुरी, लक्ष्मणगढ़, महेशपुर, मानपुर जजगी, महेशपुर, फूनगी गांवों में देखे जाने के बाद वनविभाग ने इन गांवों के पहुंचमार्ग पर बेरिकेडिंग कर दी है। उदयपुर में 27 हाथियों के विचरण से ग्रामीण दहशत में हैं। क्षेत्र में डटे 27 हाथी अलग-अलग पांच दलों में विचरण कर रहे हैं। सुबह 7 बजे से ही वनविभाग का अमला जजगी चौक, उपका, मानपुर फूनगी, लक्ष्मणगढ़, महेशपुर के चौक-चौराहों पर वन विभाग बैरिकेटिंग लगाकर निगरानी कर रहा है। हाथी के हमले में बुजुर्ग घायल हाथियों का एक दल मंगलवार की सुबह ऐतिहासिक स्थल ग्राम महेशपुर के मुंगरी तालाब के पास पहुंचा था। इस दौरान शौच के लिए निकले बुजुर्ग मोहन कुजूर (65 वर्ष) हाथियों के पास पहुंच गया। एक हाथी ने उसपर हमला करते हुए पैर से ठोकर मार दी। हाथी के हमले में वह घायल हो गया। मोहन कुजूर पर हाथी ने दुबारा हमला नहीं किया, जिससे उसकी जान बच गई। वह किसी तरह वापस घर पहुंचा। परिजनों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर में भर्ती कराया है। कई मार्गों में आवागम रोक कराई जा रही मुनादी हाथियों की मौजूदगी के कारण वन विभाग द्वारा क्षेत्र में मुनादी कराई जा रही है कि कोई भी व्यक्ति जंगल की ओर न जाएं। हाथी के विचरण क्षेत्र से दूर रहें। हाथियों के विचरण क्षेत्र में वाहनों का प्रवेश भी प्रतिबंधित कर दिया गया है। मंगलवार शाम अलकापुरी के पास हाथियों का दल खेत में घुस गया। बड़ी संख्या में लोग हाथियों को देखने पहुंच गये। अलकापुरी में ही करंट लगने से हाथी के शावक की मौत हो गई थी। वनविभाग द्वारा हाथियों से दूरी बनाकर रखने की हिदायत ग्रामीणों को दी गई है।




