कोरबा के दीपका स्थित एसईसीएल आवासीय परिसर में आधी रात को पति-पत्नी के बीच विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। कोल अफसर पति ने अपनी पत्नी के घर एक युवक को देखा, जिसके बाद हंगामा हो गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
.
जानकारी के अनुसार, कोल अफसर अपनी पत्नी से अलग शहर में अपने बेटे के साथ रहता है, जबकि उसकी पत्नी दीपका के आवासीय परिसर में रहती है। देर रात कोल अफसर को किसी ने सूचना दी कि उसकी पत्नी के आवास के नीचे एक स्कूटी खड़ी है। यह जानकारी मिलने पर अफसर अपने बेटे के साथ रात करीब 12:30 बजे पत्नी के घर पहुंचा।

डॉक्टर पहुंचा था महिला के घर
पति ने दरवाजा खटखटाया तो पत्नी बाहर निकली और गाली-गलौज करने लगी। जब पति ने घर के अंदर किसी की मौजूदगी के बारे में पूछा, तो उसने टालमटोल जवाब दिए। बेटे के भीतर पहुंचने पर कमरे में एक युवक मौजूद मिला। उसकी पहचान दीपका पाली रोड पर डेंटल क्लिनिक चलाने वाले डॉक्टर के रूप में हुई।
इसे लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आधी रात को हुए इस हंगामे को देखकर कॉलोनीवासी भी बाहर आ गए और उन्होंने किसी तरह मामले को शांत कराया।

काउंटर केस दर्ज
घटना के बाद पति और पत्नी दोनों दीपका थाना पहुंचे। विवाहिता ने भी पति के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई। दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जानकारी ली। दोनों पक्षों की शिकायत पर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।
<
