छत्तीसगढ़ के धमतरी स्थित वाटर फिल्टर प्लांट में शनिवार सुबह ब्लास्ट हो गया। इस घटना में प्लांट का मोटर पंप और पैनल जल गए। हादसे में एक इलेक्ट्रीशियन बाल-बाल बच गया। इस कारण नगर निगम क्षेत्र के 40 वार्डों में अगले दो दिनों तक पानी की आपूर्ति प्रभावित
.
ब्लास्ट इतना जोरदार था कि चिंगारी और धुआं फैल गया। घटना के समय पास में खड़ा इलेक्ट्रीशियन सुरक्षित बच निकला। नगर निगम ने प्रभावित वार्डों में टैंकरों के माध्यम से पानी पहुंचाने की व्यवस्था की है।
जल सभापति अखिलेश सोनकर ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मोटर पंप को मरम्मत के लिए राजधानी रायपुर भेजा गया है। निगम की टीम युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य में जुटी हुई है।


दो मोटर पंप में शॉर्ट सर्किट, एलटी पैनल में ब्लास्ट
अखिलेश सोनकर के अनुसार, सुबह पानी आपूर्ति के लिए पैनल का बटन दबाने के बाद दो मोटर पंप में शॉर्ट सर्किट हो गया। इसके बाद एलटी पैनल में भी ब्लास्ट हो गया।

40 वार्डों में पानी आपूर्ति होगी प्रभावित
संभावना जताई जा रही है कि 40 वार्डों में लगभग 36 से 48 घंटे तक जल आपूर्ति बाधित रहेगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे पानी के लिए परेशान न हों, सभी तक पानी पहुंचाया जाएगा।


घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद
यह पूरी घटना वाटर फिल्टर प्लांट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि एक इलेक्ट्रीशियन पैनल की ओर जाता है, बटन दबाता है और वापस लौटने लगता है। इसी दौरान मोटर पंप से ब्लास्ट होता है और चिंगारी फैल जाती है।
कुछ देर बाद बंद-चालू करने वाला पैनल भी ब्लास्ट हो जाता है, जिससे इलेक्ट्रीशियन घबराकर वहां से भागता हुआ अपनी जान बचाता है।
<
