राजनीति

भूपेश बघेल के काफिले पर हमला, पथराव और बोतलें फेंकी गईं; पुलिस ने 2 संदिग्ध हिरासत में लिए

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और असम कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल के काफिले पर हमला हुआ है। बघेल सोमवार को नागांव लोकसभा उपचुनाव के प्रचार के लिए पहुंचे थे। आरोप है कि समागुड़ी के बरमा इलाके में भाजपा कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए और गो बैक के नारे लगाए। इससे स्थिति बिगड़ गई।

भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। इस दौरान कुछ लोगों ने भूपेश बघेल की गाड़ी पर पत्थरों और बोतलों से हमला कर दिया। बघेल के साथ असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई, धुबरी सांसद रकीबुल हुसैन और कांग्रेस प्रत्याशी सिबामोनी बोरा मौजूद थे।

घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षाबल मौके पर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रित करने पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। पुलिस ने इस मामले में 2 संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

कांग्रेस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि भूपेश बघेल और गौरव गोगोई पूरी तरह सुरक्षित हैं। पार्टी ने मांग की है कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

कांग्रेस नेताओं के अनुसार कांग्रेस के सीनियर लीडर्स का काफिला चुनावी सभा के लिए जा रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने काले झंडे दिखाए और ‘गो बैक’ के नारे लगाए। इसके बाद स्थिति बिगड़ गई और कांग्रेस के काफिले से जुड़ी गाड़ियों पर पत्थर फेंके जाने की बात सामने आई। कुछ लोगों के चेहरे ढके होने की भी रिपोर्ट है।

घटना में वाहनों के शीशे टूटने और पत्रकारों के साथ कथित मारपीट की जानकारी सामने आई है। हालांकि, पथराव की शुरुआत किसने की और हिंसा के लिए कौन जिम्मेदार था, इसकी स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।

पुलिस और CRPF की टीम ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को हटाया। स्थिति नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किए जाने की भी बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक सुरक्षाबलों पर भी पथराव की सूचना मिली। घटना के बाद कांग्रेस नेताओं को सुरक्षा घेरे में वहां से निकाला गया।

घटना के बाद गौरव गोगोई ने सोशल मीडिया पोस्ट में आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने उस गाड़ी पर पत्थर और बोतलें फेंकी, जिसमें वे और भूपेश बघेल मौजूद थे। उन्होंने कहा कि पुलिस से पहले ही भीड़ को नियंत्रित करने का अनुरोध किया गया था। कांग्रेस नेताओं ने घटना को लेकर पुलिस और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।

नागांव लोकसभा उपचुनाव के लिए 6 अक्टूबर को मतदान होना है और 9 अक्टूबर को मतगणना होगी। कांग्रेस ने सिबामोनी बोरा और भाजपा ने देबाशीष शर्मा को उम्मीदवार बनाया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button