लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। 31 अक्टूबर को जिला पुलिस प्रशासन ने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह दौड़ आयोजित की।
.
कार्यक्रम का शुभारंभ मिनी स्टेडियम से हुआ। यह दौड़ नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए आमाखेरवा मैदान पर खत्म हुई। लगातार बारिश के बावजूद जिले के नागरिकों, विद्यार्थियों, पुलिसकर्मियों, अधिकारियों और समाजसेवियों का भारी जनसैलाब उमड़ा।
दौड़ के दौरान ‘एकता जिंदाबाद’ और ‘सरदार पटेल अमर रहें’ जैसे नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति और एकजुटता के भाव से गूंज उठा।

सरदार पटेल के अतुलनीय योगदान किया याद
SP रत्ना सिंह के नेतृत्व में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। उन्होंने स्वयं दौड़ में भाग लेकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में एसपी रत्ना सिंह ने सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान को नमन किया।
एसपी ने कहा, “सरदार वल्लभभाई पटेल का योगदान अतुलनीय है। हम उन्हें हर वर्ष याद करें, तब भी कम है। आने वाली हर पीढ़ी तक उनके कार्यों को याद रखा जाना चाहिए।”

देश की सेवा में योगदान देने की अपील
एसपी रत्ना सिंह ने आगे कहा कि पटेल ने केवल राज्यों के एकीकरण का कार्य नहीं किया, बल्कि उन्होंने अखिल भारतीय सेवाओं की नींव रखकर भारतीय प्रशासन को एक मजबूत ‘स्टील फ्रेम’ प्रदान किया।
उन्होंने विद्यार्थियों और अभिभावकों से आग्रह किया कि वे शिक्षा के माध्यम से अपने बच्चों को सशक्त बनाएं, ताकि भविष्य में वे भी देश की सेवा में योगदान दे सकें।
‘रन फॉर यूनिटी’ ने मनेंद्रगढ़ में न केवल सरदार पटेल के आदर्शों को पुनर्जीवित किया, बल्कि यह संदेश भी दिया कि नागरिकों की एकजुटता से राष्ट्र और अधिक मजबूत बनता है।
इस कार्यक्रम में जिले के अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और सामाजिक संगठनों के सदस्य उपस्थित रहे। इनमें नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिमा सरजू यादव, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा, एसडीएम लिंगराज सिदार, विधायक प्रतिनिधि सरजू यादव और एसडीओपी एलेक्स टोप्पो प्रमुख थे।
<
