![]()
कोंडागांव जिले के केशकाल ब्लॉक के ग्राम बेडमा में बुधवार को एक शादी समारोह में अचानक विदेशी पर्यटकों के पहुंचने से माहौल खास बन गया। सुबह करीब 11 बजे नायक परिवार में विवाह कार्यक्रम चल रहा था। जगदलपुर की ओर जा रहे कुछ विदेशी पर्यटक कार्यक्रम स्थल के पास रुके और उत्सुकतावश शादी देखने पहुंच गए। पारंपरिक वेशभूषा में सजे दूल्हा-दुल्हन को देखकर विदेशी मेहमान काफी प्रभावित हुए। उन्होंने इस खूबसूरत पल को अपने कैमरों में भी कैद किया। पहले देखिए 3 तस्वीरें धीरे-धीरे उनका उत्साह बढ़ा और वे खुद को रोक नहीं पाए। डीजे पर बज रहे शादी के गीतों पर विदेशी मेहमानों ने रंग-गुलाल के साथ जमकर डांस किया। उनका यह अंदाज वहां मौजूद ग्रामीणों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया। देखते ही देखते गांव के लोग भी उनके साथ शामिल हो गए और पूरा माहौल उत्सव में बदल गया। हंसी-खुशी, संगीत और रंगों के बीच एक अनोखा सांस्कृतिक संगम देखने को मिला। ग्रामीणों ने मेहमानों का दिल खोलकर स्वागत किया और उन्हें भारतीय परंपरा का अनुभव कराया। विदेशी मेहमानों की मौजूदगी से शादी समारोह बना यादगार दूल्हा-दुल्हन भी इस खास पल से बेहद खुश नजर आए और उन्होंने भी इसका भरपूर आनंद लिया। यह अनोखा नजारा न केवल शादी समारोह को यादगार बना गया, बल्कि यह भी दर्शाया कि भारतीय संस्कृति और आतिथ्य सत्कार की भावना किस तरह दुनिया भर के लोगों को जोड़ने का काम करती है। ग्राम बेडमा की यह शादी अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है, जहां परंपरा, उत्साह और अंतरराष्ट्रीय मेलजोल का खूबसूरत संगम देखने को मिला।
<
