उपमुख्यमंत्री अरुण साव राजनांदगांव में साहू समाज के राज्य स्तरीय युवक-युवती परिचय सम्मेलन और अस्मिता हॉकी लीग प्रतियोगिता में शामिल हुए। उन्होंने इस दौरान कहा कि देश की बेटियां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन कर रही हैं।
.
साहू सदन राजनांदगांव में आयोजित साहू समाज के छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय युवक-युवती परिचय सम्मेलन एवं शपथ ग्रहण समारोह में उपमुख्यमंत्री ने शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने साहू सदन परिसर में मां कर्मा मंदिर के जीर्णोद्धार और डोम शेड का लोकार्पण किया। उपमुख्यमंत्री साव ने परिचय सम्मेलन में शामिल युवक-युवतियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस कार्यक्रम में रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, कसडोल विधायक संदीप साहू, छत्तीसगढ़ तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष किरण साहू, प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू और जिला साहू संघ के अध्यक्ष भागवत साहू सहित कई जनप्रतिनिधि और साहू समाज के पदाधिकारी व सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
अस्मिता हॉकी लीग प्रतियोगिता में भी शामिल हुए डिप्टी सीएम
रविवार को उपमुख्यमंत्री अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम परिसर में आयोजित अस्मिता हॉकी लीग प्रतियोगिता में भी शामिल हुए। उन्होंने यहां विजेता टीम को पुरस्कार वितरित किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि हॉकी देश की महत्वपूर्ण खेल विधाओं में से एक है और इसमें देश की बेटियां बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर रही हैं।

खेल में बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए विशेष आयोज
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि शासन द्वारा खेल के क्षेत्र में बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए विशेष आयोजन किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लिए चल रहे कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने यह भी बताया कि खेल मंत्रालय सभी राज्यों के साथ मिलकर खेलों के क्षेत्र में भारत को अग्रणी बनाने और खिलाड़ियों के विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रहा है।
साव ने प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बालिकाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए प्रशिक्षकों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना भी की। इस अवसर पर पूर्व विधायक रामजी भारती, कोमल सिंह राजपूत, सचिन बघेल, सौरभ कोठारी, तीरंदाजी संघ के पदाधिकारी, खिलाड़ी, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
<
