![]()
.
अंतरराज्यीय ड्यूज बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंचने के लिए शुक्रवार को डीसीए राजनांदगांव व कोरबा के मध्य अंतिम ओवर तक कांटे का संघर्ष हुआ। मैच के परिणाम का फैसला निर्धारित ओवर पूरा होने के दो गेंदों से पूर्व हुआ। अंतिम ओवर में आए डीसीए राजनांदगांव के जीत के नतीजे से पूर्व अंत तक मैच के परिणाम को लेकर अनिश्चितता बनीं रही।
क्रिकेट स्पर्धा का पहला व ग्रुप ए का सेमीफाइनल मैच शुक्रवार को डीसीए राजनांदगांव व एम सी क्लब कोरबा के मध्य खेला गया। कोरबा ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। कोरबा की शुरुआत अच्छी रही लेकिन इसके बाद उसका मध्यमक्रम राजनांदगांव के फिरकी व तेज गेंदबाजी में फंसता नजर आए। कोरबा की पूरी टीम निर्धारित 20-20 ओवरों के मैच में डीसीए राजनांदगांव को जीत के लिए 136 रनों का टारगेट दे पाई। कोरबा की ओर से पीयूष सिदार ने अपने दूसरे मैच में भी 48 गेंदों पर धुंआधार 65 रन व अखिलेश ने मात्र 23 गेंदों पर 41 रनों की आतिशी पारी खेली। वे एक-एक करके पेवेलियन लौटते गए और 135 रन ही बना कर आल आउट हो गए। डीसीए से वरूण ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार व आरीन द्विवेदी ने तीन विकेट लिए।
लंच के बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीसीए राजनांदगांव की शुरुआत काफी निराशाजनक रही। कोरबा के तेज गेंदबाज आर्यन ने अपने शुरूआती दो ओवर में चार विकेट लेकर डीसीए को बैकफुट पा ला दिया था। एक समय ऐसा लग रहा था कि कोरबा बड़ी आसानी से मैच जीत की फाइनल में पहुंच जाएगी। क्योंकि 50 रन से पूर्व ही राजनांदगांव की आधी टीम पेवेलियन में बैठ गई थी। लेकिन इसके बाद बल्लेबाज हर्ष शर्मा के 26 रन, देवादित्य की साहसिक 39 रनों व अभ्युदय की समझदारी भरे 21 रनों की पारी से डीसीए राजनांदगांव मैच में वापस लौट गई।
आखिरी ओवर तक दोनों टीम के मध्य कांटे का संघर्ष हुआ। मैच के परिणाम के लिए बल्ले व गेंद के बीच मैच के अंतिम दो गंदो तक संघर्ष हुआ। अंत में मैच में दो गेंद शेष रहते हुए डीसीए राजनांदगांव ने एक विकेट से एम सी ए कोरबा को हरा कर फाइनल में प्रवेश कर लिया। मैच में निर्णायक स्टेट अंपायर सपन काकडे व हेमंत ठाकुर, कमेंट्रेटर उज्जवल कौशिक, केएस ठाकुर, प्रज्ञारत्न गोडबोले व विकास मानिकपुरी थे।
शनिवार से ग्रुप बी के मैच प्रारंभ हो जाएंगे। ग्रुप बी का पहला मैच नागपुर व भाठापारा बलौदाबाजार जिला के मध्य खेली जाएगी। मैच सुबह 11 बजे प्रारंभ होगा। मैच में निर्णायक स्टेट अंपायर सपन काकडे व हेमंत ठाकुर होंगे।
<
