ब्लेज ई न्यूज,जशपुरनगर : मंगलवार की देर रात लगभग 11 बजे बगीचा थाना क्षेत्र के जरूडाड में हुई भीषण सड़क दुर्घटना के मामले में कार्रवाई करते हुए जशपुर पुलिस ने वाहन चालक सुख सागर दास के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर लिया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि दुर्घटनाकारित वाहन क्रमांक सीजी 15 सीआर 1429 बगीचा थाना क्षेत्र के चूल्हापानी गांव के निवासी अपील खलको के नाम से पंजीबद्ध है। पुलिस के अनुसार जुरुडांड के स्थानीय रहवासियो ने मंगलवार की देर रात लगभग 11 बजे गांव में गणपति प्रतिमा विसर्जन के लिए जुलुस निकाला था। इस जुलुस में डेढ़ सौ लोग शामिल थे। इसी दौरान अंबिकापुर की ओर से आ रही बोलेरो क्रमांक सीजी 15 सीआर 1429 के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए चालक ने भीड़ में वाहन घुसा दिया। दुर्घटना में एक महिला खिरोवती 32 वर्ष,अरविंद 19 वर्ष और विपिन प्रजापति की मौक़े पर ही मौत हो गईं है। एसएसपी सिंह ने बताया के घटना में 22 लोग घायल हुए हैँ। मामले में पुलिस ने आरोपित बोलेरो चालक सुखसागर दास के खिलाफ बीएनएस की धारा 281,125 (ए),105 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। फिलहाल आरोपित चालक को अंबिकापुर के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। उसे दुर्घटना और भीड़ की पिटाई में गंभीर चोटे आई हैँ।
