पेंड्रा में जिला कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव को लेकर गहमागहमी का माहौल देखने को मिला है। 13 अक्टूबर को इस अवसर पर पहुंचे पर्यवेक्षक और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने एक महत्वपूर्ण घोषणा की।
.
उन्होंने बताया कि अब राष्ट्रीय स्तर की तर्ज पर जिलों में भी ‘जिला पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी’ का गठन किया जाएगा। यह कमेटी राज्य और जिले से संबंधित मामलों पर तुरंत निर्णय ले सकेगी।
सहाय ने जोर देकर कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच कोई मनमुटाव नहीं है। उन्होंने आगामी दो सालों तक सरकार की सफलता के लिए संगठन स्तर पर लगातार संघर्ष और मजबूती से काम करने की बात कही।

नामांकन फॉर्म न दिए जाने का आरोप
चुनाव प्रक्रिया के दौरान कुछ दावेदारों ने नामांकन फॉर्म न दिए जाने का आरोप लगाते हुए मंच पर ही विरोध प्रदर्शन किया। पर्यवेक्षक सुबोधकांत सहाय ने हस्तक्षेप कर सभी नेताओं को समझाया और विवाद को शांत कराया।
सुबोधकांत सहाय ने स्पष्ट किया कि पार्टी की आंतरिक एकता बनाए रखते हुए सभी विवादों का समाधान संगठन स्तर पर ही किया जाएगा।

इन लोगों ने भरा फॉर्म
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए अब तक मनोज गुप्ता, उत्तम वासुदेव, पंकज तिवारी, जुबेर अहमद गाटर, पुष्पराज सिंह, अमोल पाठक, आलोक शुक्ला, हर्ष गोयल,
वीरेंद्र बघेल, भावना करेलिया, ममता पैकरा, मदन सोनी, बुंदकुंवर मास्को, अशोक शर्मा, गजमती भानु, रीता तंवर और पूर्व पार्षद रमेश साहू सहित कई नाम सामने आए हैं।
इस दौरान विधायक अटल श्रीवास्तव, फूलोदेवी नेताम और अशोक आहूजा भी उपस्थित थे।
<
