जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जनता की विभिन्न समस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। विधायक शेषराज हरवंश के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय का घेराव कर जनहित मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
.
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि धान खरीदी के रकबे में गिरदावरी का हवाला देकर अनावश्यक कटौती की जा रही है, जिससे किसानों को नुकसान हो रहा है। उन्होंने इस प्रक्रिया को तत्काल रोकने की मांग की।
किसानों ने यह भी शिकायत की कि एग्री स्टेट किस आईडी पंजीकरण में अनावश्यक देरी हो रही है, जिससे वे धान बेचने से वंचित हो सकते हैं। कांग्रेस ने मांग की कि पूर्व में पंजीकृत किसानों का पंजीकरण आगे बढ़ाया जाए।

खाद और कीटनाशक दवाओं के ऊंचे दाम पर बिक्री पर लगे रोक
इसके अतिरिक्त, बाजार में खाद और कीटनाशक दवाओं की ऊंची दरों पर बिक्री पर रोक लगाने और प्रशासन द्वारा सख्त नियंत्रण की मांग की गई। क्षेत्र की जर्जर सड़कों की मरम्मत और दुर्घटना संभावित स्थलों पर चेतावनी बोर्ड लगाने की भी मांग की गई, ताकि आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

मांगों का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज करेंगे
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। अधिकारियों के आश्वासन के बाद कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन सौंपा और शांतिपूर्वक घेराव समाप्त किया। कांग्रेस ने कहा कि यह लड़ाई जनता के अधिकारों की है और यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन सड़क से लेकर विधानसभा तक पहुंचेगा।
<
