![]()
बिलासपुर रेल मंडल में पिछले चार महीनों के दौरान अलार्म चेन के दुरुपयोग के 501 मामले दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में रेल प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों से 1.92 लाख रुपए का जुर्माना वसूला है।
.
भारतीय रेलवे यात्रियों की सुरक्षा और आपातकालीन सहायता के लिए प्रत्येक यात्री कोच में इमरजेंसी अलार्म चेन की सुविधा प्रदान करता है। यह सुविधा केवल गंभीर आपात स्थितियों में ट्रेन रोकने के लिए है, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
हालांकि, कुछ यात्री इस सुविधा का दुरुपयोग करते हैं, जिससे ट्रेनों का समयबद्ध संचालन प्रभावित होता है और अन्य यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी खतरा उत्पन्न होता है।
चेन पुलिंग की घटनाओं को रोकने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) मुस्तैद है। मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन के निर्देश और मंडल सुरक्षा आयुक्त सौरभ कुमार के नेतृत्व में, सुरक्षा और संचालन में बाधा को रोकने के लिए कई कठोर कदम उठाए गए हैं।
जनवरी से अप्रैल तक, RPF द्वारा दर्ज किए गए आंकड़ों के अनुसार, बिलासपुर मंडल में रेलवे अधिनियम की धारा 141 के तहत अलार्म चेन के दुरुपयोग के कुल 501 मामले दर्ज किए गए। इन मामलों में न्यायालय के माध्यम से 1 लाख 92 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है।
अकारण चेन पुलिंग पर है साल भर की सजा का प्रावधान
रेल अधिनियम की धारा 141 के अनुसार, बिना उचित कारण अलार्म चेन खींचने पर एक वर्ष तक का कारावास, 1,000 रुपए तक का जुर्माना या दोनों का प्रावधान है।
<
