![]()
.
स्थानीय विधायक कार्यालय में प्रेसवार्ता कर भाजपा जिला उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी ने कांग्रेस के पांच वर्षों और भाजपा के दो वर्षों के कार्यों की तुलना की। उन्होंने कहा कि कवर्धा विस ने पिछले दो वर्षों में जितना विकास देखा है, उतना कांग्रेस अपने पूरे पांच साल में नहीं कर पाई।
उन्होंने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के दो वर्षों के कार्यकाल को निर्णय और नतीजों का उदाहरण दिया। कैलाश चंद्रवंशी ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना को पूरे पांच साल तक रोके रखा। कांग्रेस शासन के 5 वर्ष में सिर्फ 13,268 गरीबों को पक्का मकान मिला। जबकि भाजपा सरकार के 2 वर्ष में केवल जिले में 60 हजार से ज्यादा आवास स्वीकृत हुए हैं। कृषि रकबे को बढ़ाने के लिए बड़ौदा खुर्द, जगमड़वा, घटोला, सुतियापाट नहर विस्तार, छीरपानी जलाशय विस्तार, रेंगाखार जलाशय मरम्मत, रामपुर- भोरमदेव-सकरी फीडर विस्तार जैसी योजनाओं को 250 करोड़ रुपए की लागत से स्वीकृति दी गई है।
73 से ज्यादा सड़कें बनीं उन्होंने कहा कि कांग्रेस काल में सड़कें जर्जर होकर रह गईं। कांग्रेस काल में पूरे जिले में 171 करोड़ से 27 सड़कें बनीं। जबकि उपमुख्यमंत्री शर्मा के प्रयास से सिर्फ कवर्धा विस में 172.32 करोड़ की लागत से 73 से ज्यादा सड़कें बनी हैं। किसानों के लिए कवर्धा एसडीएम कार्यालय परिसर का निर्माण किया गया।
स्वदेश दर्शन योजना: पर्यटन सर्किट विकसित कर रहे स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के तहत भोरमदेव मंदिर, मड़वा महल, छेरकी महल, सरोदा जलाशय को जोड़कर भव्य पर्यटन सर्किट विकसित किया जा रहा है। सरकार अब बुजुर्गों को अयोध्या में रामलला के दर्शन करा रही है। प्रेस वार्ता में नपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला भाजपा उपाध्यक्ष नितेश अग्रवाल, जिपं सदस्य लोकचंद साहू, वीर सिंह पटेल मैाजूद थे।
<
