Uncategorized

चिखली में पिस्टल दिखाकर डराने के मामले में चार युवक गिरफ्तार, एक पिस्टल और मैगजीन बरामद

राजनांदगांव के चिखली क्षेत्र में पिस्टल दिखाकर लोगों को डराने के मामले में पुलिस ने गुरुवार को चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से एक पिस्टल और खाली मैगजीन बरामद हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपित क्षेत्र में दबदबा बनाने के लिए पिस्टल लेकर घूमते थे और लोगों को डराते थे। चारों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, एक अक्टूबर की रात पेट्रोलिंग के दौरान रमन बाजार चिखली में पुलिस ने घेराबंदी कर धनुष साहू उर्फ गोलू (19) को पकड़ा। तलाशी में उसके पास से काले रंग की पिस्टल और मैगजीन मिली।

धनुष ने पुलिस को बताया कि शेख शहबाज उर्फ शिब्बू (28), जफर मोमीन (20) और ऐश्वर्य झा उर्फ राम (19) भी पिस्टल लेकर रमन बाजार तालाब क्षेत्र में लोगों को डराते थे। इसके बाद पुलिस ने तीनों को भी पकड़ा।

पूछताछ में चारों ने क्षेत्र में पिस्टल दिखाकर लोगों को डराने की बात स्वीकार की। पुलिस ने बताया कि पिस्टल शहबाज और जफर ने खरीदी थी। दोनों ही इस मामले में मुख्य आरोपित हैं। आरोपितों के पास से कारतूस बरामद नहीं हुई है।

आशंका है कि आरोपितों ने पूर्व में पिस्टल से फायर किया है या फिर कारतूस कहीं छिपा कर रखी गई है। पुलिस अब पिस्टल उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

पुलिस के अनुसार, शेख शहबाज के खिलाफ वर्ष 2018 से अब तक करीब 15 आपराधिक प्रकरण और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई दर्ज है। इनमें कई मामले आर्म्स एक्ट के भी हैं।

जफर मोमीन, ऐश्वर्य झा और धनुष साहू के खिलाफ भी पूर्व में आपराधिक व प्रतिबंधात्मक कार्रवाई दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button