छत्तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट, रायपुर में भी बूंदाबांदी की संभावना

छत्तीसगढ़ में आगामी दो दिनों के भीतर अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही, एक-दो जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। राजधानी रायपुर में भी हल्की बूंदाबांदी होने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि एक-दो स्थानों पर भारी बारिश भी दर्ज की गई। सबसे अधिक 70 मिलीमीटर बारिश जशपुर जिले के मनोरा में रिकॉर्ड की गई। इसके अतिरिक्त, कुनकुरी और बलरामपुर जिले के कुसमी में 50 मिलीमीटर बारिश हुई।
तापमान की बात करें तो, मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रहा, जिससे सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक महसूस की गई।
बंगाल की खाड़ी में बन रहे मौसमी सिस्टम पर भी मौसम विभाग लगातार नजर बनाए हुए है। दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के आसपास बना कम दबाव का क्षेत्र 31 अक्टूबर को अवदाब (डिप्रेशन) में परिवर्तित हो गया है। यह सिस्टम वर्तमान में विजयपुरम से लगभग 330 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिण पश्चिम में स्थित है।
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि यह अवदाब अगले 12 घंटे में गहरे अवदाब (डीप डिप्रेशन) में बदल सकता है और उसके बाद इसके चक्रवाती तूफान में बदलने की प्रबल संभावना है। यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा और अनुमान है कि 2 नवंबर की शाम तक यह आंध्र प्रदेश तट के पास पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तक पहुंच सकता है।
राजधानी रायपुर के मौसम की बात करें तो, 1 नवंबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहने का अनुमान है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश होने की भी संभावना व्यक्त की गई है। रायपुर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
शनिवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस अधिक था।




