![]()
.
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में जिले में आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव कार्यक्रम का समापन सोमवार को शासकीय हाई स्कूल मैदान जांजगीर में हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि राजस्व व आपदा प्रबंधन, खेल और युवा कल्याण मंत्री टेकराम वर्मा रहे।
मंत्री वर्मा ने प्रदेश की 25 वर्ष की विकास यात्रा को गौरवशाली बताते हुए कहा कि अटल जी का सपना आज साकार हुआ है। छत्तीसगढ़ अब संस्कृति, संकल्प और समृद्धि का संगम बन चुका है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में गरीब कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में राज्य ने उल्लेखनीय प्रगति की है।
वर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ की आत्मा उसकी संस्कृति में बसती है और प्रदेश अब नक्सलवाद से लगभग मुक्त होकर शांति और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस अवसर पर विधायक ब्यास कश्यप, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व सांसद कमला देवी पाटले, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यालता आनंद मिरी, नगर पालिका अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान वर्मा ने अपना छत्तीसगढ़ी गीत “मोर भाखा संग दया माया के सुंदर हवे मिलाप रे…” गाकर माहौल को लोकसुगंध से भर दिया।
लोकसभा सांसद कमलेश जांगड़े ने कहा कि छत्तीसगढ़ 25 वर्षों की यात्रा में आत्मनिर्भरता और विकास का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य को अलग पहचान दिलाने के लिए अटल जी का योगदान अविस्मरणीय है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास की भावना से प्रदेश में हर वर्ग की खुशहाली सुनिश्चित की जा रही है।
<
