बीजापुर जिले के उसूर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत कमलापुर में गुरुवार सुबह जमीन विवाद को लेकर एक युवक पर चाकू से हमला किया गया। इस घटना में कट्टम बाला नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि रघु ताती ने उस पर चाकू से वार किया।
.
पुलिस के अनुसार, कट्टम बाला और रघु ताती के बीच भूमि विवाद कई महीनों से चल रहा था। लगभग एक माह पहले ग्रामीणों की मध्यस्थता से यह मामला सुलझा लिया गया था। हालांकि, गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे यह विवाद फिर से बढ़ गया, जिसके बाद रघु ताती ने कट्टम बाला पर चाकू से हमला कर दिया।

घायल को जिला अस्पताल में इलाज जारी
घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने घायल कट्टम बाला को बाइक से गलगम पहुंचाया। वहां से एंबुलेंस के जरिए उसे उसूर अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बीजापुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
विवादित जमीन कट्टम बाला के नाम पर दर्ज बताई जा रही है। आरोपी और पीड़ित दोनों कमलापुर गांव के ही निवासी हैं और उनके घर लगभग आधा से एक किलोमीटर की दूरी पर हैं। घटना के बाद गांव में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी रघु ताती की तलाश शुरू कर दी है।
<
