बलौदाबाजार सिटी कोतवाली पुलिस ने कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र का लाइसेंस दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पीड़ित से दो साल तक झांसा देकर 2 लाख 6 हजार रुपये की धोखाधड़ी की।
.
शिकायतकर्ता राजकुमार वलेचा ने सिटी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि आरोपी देवनाथ वर्मा ने 4 दिसंबर 2022 से 3 जून 2024 के बीच बलौदाबाजार-भाटापारा क्षेत्र में कौशल विकास केंद्र चलाने का लाइसेंस दिलाने का वादा किया था।

पैसे वापस मांगने पर करने लगा टालमटोल
इस अवधि में आरोपी ने फोन-पे और नकद के माध्यम से कुल 2,06,000 रुपये प्राप्त किए। जब आरोपी लाइसेंस दिलाने में विफल रहा और शिकायतकर्ता ने अपने पैसे वापस मांगे, तो उसने टालमटोल करना शुरू कर दिया।
घटना की रिपोर्ट मिलने के बाद, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देश पर सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी देवनाथ वर्मा को हिरासत में लिया और पूछताछ की।
आरोपी ने ठगी की बात कबूल की
पूछताछ के दौरान, आरोपी ने लाइसेंस दिलाने के बहाने लाखों रुपये की ठगी करने की बात स्वीकार की। उसे 15 अक्टूबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवनाथ वर्मा (उम्र 34 वर्ष) निवासी ग्राम सूरजपुरा, थाना भाटापारा ग्रामीण के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 998/2025, धारा 420 के तहत मामला दर्ज किया है और आगे की जांच जारी है।
<
