Uncategorized

नया राशन कार्ड बनाने का पोर्टल खुला, 40 बिंदुओं पर मांगी जा रही जानकारी

दुर्ग जिले में नया राशन कार्ड बनवाने के लिए खाद्य विभाग का पोर्टल खुल गया है। कार्ड बनवाने अथवा पुराने कार्ड में संशोधन के लिए आवेदक को पोर्टल में ऑनलाइन आवेदन करना पड़ेगा। नया कार्ड बनवाने के लिए जारी प्रारूप में अलग-अलग करीब 40 बिंदुओं पर जानकारी मांगी जा रही है।

आवेदक को अपना बैंक खाता नंबर, आधार नंबर और जाति प्रमाणपत्र भी स्कैन कर देना होगा। मांगे गए दस्तावेजों के अभाव में नया राशन कार्ड बनवाना मुश्किल हो जाएगा।

जिले में नया राशन कार्ड बनाने का काम करीब दो माह से बंद था। जरूरतमंद लोग नया कार्ड बनवाने के लिए आवेदन नहीं कर पा रहे थे और न ही पुराने कार्ड में नाम, पता व अन्य तरह के संशोधन के लिए आवेदन कर पा रहे थे। लोग राशन कार्ड के लिए निगम व खाद्य विभाग कार्यालय का चक्कर काट रहे थे।

खाद्य नियंत्रक अनुराग भदौरिया ने बताया कि नया राशन कार्ड बनाने के लिए पोर्टल खुल गया है। स्मार्ट पीडीएस 2.0 पोर्टल में संपूर्ण दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रस्तुत करने पर राशन कार्ड बनाने की कार्यवाही की जाएगी।

नगर निगम दुर्ग में कांग्रेस पार्षद दल के नेता संजय कोहले का कहना है कि नया राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया का सरलीकरण किया जाना चाहिए, क्योंकि दस्तावेजों के अभाव में कई लोग कार्ड बनवाने से वंचित रह सकते हैं।

नवीन राशन कार्ड के लिए राशन कार्डधारी परिवार के मुखिया को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराना होगा। जिसमें वैवाहिक स्थिति, आधार कार्ड नंबर, शैक्षणिक योग्यता, जाति प्रमाण पत्र, परिवार के पास एसी, टीवी, प्लॉट की जानकारी देनी होगी। गंभीर बीमारी की स्थिति में भी जानकारी उपलब्ध कराना होगा। इसके अलावा निवास प्रमाण पत्र, परिवार का फोटो भी उपलब्ध कराना होगा। बैंक का विवरण, गैस कनेक्शन की भी जानकारी देनी होगी।

राशन कार्ड बनवाने के लिए आवेदन के साथ मांगे गए दस्तावेज भी स्कैन कर अपलोड कराना होगा। अधिकांश लोग दस्तावेज लेमिनेशन कराकर रखे हुए हैं। स्कैनिंग करने वालों का कहना है कि लेमिनेशन की वजह से दस्तावेज प्लास्टिक के साथ चिपक जाता है, इससे स्कैनिंग में दिक्कत होती है। वहीं लेमिनेशन निकालने पर दस्तावेज फटने की गुंजाइश बनी रहती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button