टॉप न्यूज़

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ में साइबर जागृति अभियान:38 स्कूल-कॉलेज के 5,242 विद्यार्थियों को पुलिस ने दी डिजिटल सुरक्षा की जानकारी




साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी पुलिस ने विद्यार्थियों को डिजिटल फ्रॉड से बचाने के लिए ‘साइबर जागृति अभियान’ शुरू किया है। छत्तीसगढ़ पुलिस के प्रदेशव्यापी अभियान के तहत जिले में पहले सप्ताह में 38 स्कूलों और कॉलेजों के 5,242 विद्यार्थियों को साइबर ठगी से बचाव और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की जानकारी दी गई। यह अभियान 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह के निर्देशन और उप पुलिस अधीक्षक नेहा पवार के मार्गदर्शन में पुलिस की टीमें स्कूलों और कॉलेजों में पहुंचकर विद्यार्थियों और शिक्षकों को साइबर अपराध के तरीकों और उनसे बचाव के बारे में जागरूक कर रही हैं। OTP, UPI PIN और बैंक डिटेल किसी से शेयर न करें जागरूकता कार्यक्रमों में पुलिस ने विद्यार्थियों को बताया कि OTP, UPI PIN, CVV, बैंक खाता संबंधी जानकारी और पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। पुलिस ने बताया कि साइबर ठग अलग-अलग तरीकों से लोगों को भरोसे में लेकर ऐसी जानकारी हासिल करते हैं और फिर बैंक खाते से रकम निकाल लेते हैं। ‘डिजिटल अरेस्ट’ और फर्जी अधिकारी बनकर ठगी से सावधान पुलिस टीमों ने विद्यार्थियों को फर्जी बैंक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, कस्टमर केयर और KYC अपडेट के नाम पर होने वाली ठगी के बारे में भी जानकारी दी। ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे साइबर फ्रॉड से सतर्क रहने और किसी अनजान व्यक्ति के दबाव में आकर पैसे ट्रांसफर नहीं करने की सलाह दी गई। पुलिस ने कहा कि बैंक या किसी सरकारी विभाग के अधिकारी बनकर फोन करने वाला व्यक्ति यदि गोपनीय जानकारी, OTP या पैसे की मांग करता है तो पहले उसकी पहचान और दावे का सत्यापन करना जरूरी है। अज्ञात लिंक और APK फाइल से रहें दूर विद्यार्थियों को किसी भी अज्ञात या संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने की सलाह दी गई। पुलिस ने चेताया कि अनजान व्यक्ति की ओर से भेजी गई APK फाइल या ऐप डाउनलोड करने से मोबाइल और निजी जानकारी साइबर ठगों के हाथ लग सकती है। सोशल मीडिया की सुरक्षा के लिए मजबूत पासवर्ड रखने और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) का इस्तेमाल करने की सलाह भी दी गई। पुलिस ने विद्यार्थियों से कहा कि सोशल मीडिया पर निजी जानकारी और फोटो सार्वजनिक करने से बचें और बिना सत्यापन के किसी भ्रामक मैसेज या वीडियो को आगे शेयर न करें। ‘साइबर सेल्फी अभियान’ से विद्यार्थियों को जोड़ा अभियान के तहत विद्यार्थियों को ‘साइबर सेल्फी अभियान’ से भी जोड़ा गया। इसके माध्यम से उन्हें खुद साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी डिजिटल ठगी से बचाव के लिए जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस ने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि साइबर सुरक्षा की जानकारी केवल खुद तक सीमित न रखें, बल्कि परिवार के सदस्यों और परिचितों तक भी पहुंचाएं। ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें शिकायत पुलिस प्रशासन ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है तो उसे बिना देरी किए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करनी चाहिए। साथ ही संबंधित बैंक को भी तत्काल इसकी जानकारी देनी चाहिए। समय पर शिकायत मिलने पर ठगी की रकम को होल्ड कराने की संभावना बढ़ जाती है। अभियान के दौरान पुलिस ने विद्यार्थियों को संदेश दिया- “एक जागरूक विद्यार्थी, एक जागरूक परिवार; एक जागरूक परिवार, एक सुरक्षित समाज।” पुलिस के अनुसार, अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से साइबर सुरक्षा की जानकारी को घर-घर तक पहुंचाना और डिजिटल ठगी के प्रति लोगों को सतर्क करना है।



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button