गांव में घुसा 7 हाथियों का दल,धान-मक्का की फसल रौंदी:बलरामपुर के अनिरुद्धपुर में रातभर दहशत, ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग पहुंचा

![]()
बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत है। गुरुवार देर रात ग्राम पंचायत अनिरुद्धपुर के भीतरी पारा में जंगल से हाथियों का दल गांव की ओर पहुंच गया। हाथियों ने खेतों में लगी धान और मक्का की फसल रौंद दी, जिससे किसानों को नुकसान हुआ। ग्रामीणों ने हाथियों के गांव में आने की सूचना वन विभाग को दी। टीम मौके पर पहुंची और हाथियों को गांव से दूर करने के लिए पटाखे छोड़े, लेकिन शुरुआत में इसका खास असर नहीं हुआ। फसल खाने के बाद हाथी खुद ही जंगल की ओर चले गए। चार किसानों की फसल को नुकसान हाथियों ने जलील अंसारी, सद्दाम अंसारी, अली मोहम्मद और नसरुल्ला अंसारी के खेतों में लगी फसल को नुकसान पहुंचाया है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रही है, जिसके बाद क्षति की विस्तृत जानकारी सामने आएगी। 6 हाथी लौटे, एक अब भी इलाके में हाथियों का दल धमनी वन परिक्षेत्र के बिशनपुर और दोलंगी सर्किल तक पहुंचा था। रेंजर केशव राज खटके ने बताया कि क्षेत्र में कुल 7 हाथियों का दल घूम रहा था। इनमें से 6 हाथी आगे बढ़कर जंगल की ओर चले गए हैं, जबकि एक हाथी अभी भी इलाके में मौजूद है। वन विभाग की टीम उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है। जंगल की ओर नहीं जाने की अपील हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने की चेतावनी दी है। साथ ही हाथी दिखाई देने पर उसके करीब नहीं जाने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है। लगातार हाथियों की आवाजाही से ग्रामीण भी सतर्क हैं और जंगल की तरफ जाने से बच रहे हैं।
Source link




