राजनांदगांव में सीबीएसई नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप 6 अक्टूबर से शुरू हो रही है। दिल्ली पब्लिक स्कूल, राजनांदगांव (छत्तीसगढ़) इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है। यह चैंपियनशिप 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग के लिए आयोजित की जाएगी।
.
इस आयोजन में कुल 72 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें सभी टीमें अपने-अपने सीबीएसई क्लस्टर ग्रुप की विजेता हैं। इनमें 58 टीमें भारत के विभिन्न राज्यों से और 12 अंतरराष्ट्रीय टीमें दुबई, ओमान, मस्कट, कुवैत तथा सऊदी अरब से शामिल हैं। कुल 750 खिलाड़ी, 100 कोच और 50 रेफरी इस आयोजन का हिस्सा हैं।
यह सीबीएसई बास्केटबॉल नेशनल गेम्स का 28वां वर्ष है। दिल्ली पब्लिक स्कूल, राजनांदगांव के लिए यह पांचवां मौका है जब वह बास्केटबॉल के क्षेत्र में विभिन्न प्रतियोगिताओं की मेजबानी कर रहा है। इससे पहले स्कूल ने तीन बार सीबीएसई नेशनल चैंपियनशिप और दो बार एसजीएफआई प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया है। सीबीएसई नेशनल गेम्स की मेजबानी का यह तीसरा अवसर है।

सीबीएसई ने कार्यक्रम के लिए भेजा तीन सदस्यीय निरीक्षण दल
कार्यक्रम के सुचारु संचालन के लिए सीबीएसई ने तीन सदस्यीय पर्यवेक्षक दल भेजा है, जिसमें एस. एम. उपाध्याय (सीबीएसई, नई दिल्ली) शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, सेंट अर्नोल्ड्स हायर सेकेंडरी स्कूल, इंदौर के पीजीटी विनोद नायर और मध्य प्रदेश बास्केटबॉल एसोसिएशन के सचिव कुलदीप हार्डिया तकनीकी प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
6 अक्टूबर को होने वाले उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह होंगे। महापौर मधुसूदन यादव गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में और जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
दिल्ली पब्लिक स्कूल, राजनांदगांव ने खिलाड़ियों के ठहरने, आहार और अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं अपने परिसर में सुनिश्चित की हैं।
<
