दुर्ग जिले में मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पर बैठी गायों को रौंद दिया। इस हादसे में गर्भवती गाय का पैर टूट गया। जबकि अन्य चार गायों को भी गंभीर चोट आई है। सभी का इलाज चल रहा है। रौंदने का वीडियो भी सामने आया है। घटना नेवई थाना क्षेत्र की ह
.
जानकारी के मुताबिक, कृष्णा टॉकीज रोड पर गुप्ता फर्नीचर के सामने सुबह करीब 5 बजे गाय बैठी थी। तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें रौंद दिया। इस दौरान कार भी हवा में उड़ती नजर आई। बताया जा रहा है कि कार महिला चला रही थी, जो कि नशे में थी।

टक्कर के बाद हवा में उड़ती नजर आई कार
प्रत्यक्षदर्शियों का भी कहना है कि कार महिला ड्राइव कर रही थी। उन्होंने बताया कि कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर के बाद हवा में उड़ती नजर आई। हादसे के बाद कार का पीछा किया गया। स लेकिन वे उसे पकड़ नहीं सके।
मौके पर पहुंचे पार्षद वार्ड 23 प्रगति नगर धर्मेंद्र भगत ने बताया कि घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने शोर मचाया और कार का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन चालक फरार हो गया। हालांकि, कार कौन चला रहा था पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
सीसीटीवी फुटेज से मिलेंगे सुराग
घटना के बाद पुलिस और पार्षद क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रहे हैं। हालांकि, अधिकांश कैमरों का एंगल सड़क की ओर नहीं है, जिससे कार का नंबर प्लेट स्पष्ट नहीं दिख रहा। कुछ फुटेज में कार तेजी से गुजरती नजर आ रही है। पुलिस अब अन्य कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।

अभी तक मामला दर्ज नहीं, पुलिस जांच में जुटी
नेवई थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक इस मामले में केस दर्ज नहीं कराया गया है। पुलिस कार और चालक की तलाश में जुटी है। जैसे ही वाहन का नंबर और चालक की पहचान होती है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कौन चला रहा था, अब तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
स्थानीयों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने मांग की है कि नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो। पार्षद धर्मेंद्र भगत ने बताया कि घायल गायों का इलाज कराया जा रहा है और नगर निगम से अनुरोध किया गया है कि सड़कों पर आवारा पशुओं की सुरक्षा और निगरानी के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
<
