धमतरी में अनियंत्रित बस खाई में गिरी
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में गुरुवार दोपहर नगरी-सिहावा रोड पर एक यात्री बस खाई में गिर गई। हादसे में 4 वर्षीय बच्ची रागिनी निषाद की मौत हो गई और 6 यात्री घायल हुए।
.
हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय नागरिकों ने घायलों को बस से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही केरेगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, डीआरडी कंपनी की यह बस धमतरी बस स्टैंड से नगरी के लिए रवाना हुई थी। केरेगांव थाना क्षेत्र के खड़ादाह गांव के पास स्टेट हाइवे पर बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।

स्थानीय लोगों ने घायलों को बस से निकाला
स्थानीय नागरिकों ने घायल यात्रियों को बस से बाहर निकाला। घायलों में टीकाराम साहू (58) और उनकी पत्नी कुमारी बाई (54) शामिल हैं, जो ग्राम बेलौदी के निवासी हैं। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इसके अलावा 108 एंबुलेंस से ग्राम बासनवाही की कलेसिया निषाद और बच्ची रागिनी को भी अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद रागिनी को मृत घोषित कर दिया। कलेसिया निषाद ने बताया कि वह अछोटा गांव में अपने रिश्तेदार के यहां गई थी और अपनी नातिन और बच्ची के साथ घर लौट रही थी।

मामले की जांच में जुटी पुलिस
केरेगांव पुलिस मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच कर रही है। बच्ची की मौत से गांव में शोक की लहर है।
<
