छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 11 नवंबर की रात वैदिक मंत्रोच्चार के साथ ब्राह्मण प्रीमियर लीग 2025 आगाज हुआ। इस दौरान जोरदार आतिशबाजी का नजारा देखने को मिला।
.
डिप्टी सीएम अरूण साव, विधायक सुशांत शुक्ला और प्रसिद्ध पचरा गायक व कथावाचक पं. युवराज पांडेय ने भगवान परशुराम की पूजा कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
उद्घाटन मैच में डिप्टी सीएम के बाल पर पचरा गायक युवराज पांडेय ने जोरदार छक्का लगाया। वहीं, डिप्टी सीएम ने भी जमकर बल्ला चलाए।

पचरा गायक युवराज पाण्डेय और डिप्टी सीएम अरुण साव ने बल्लेबाजी की।

ब्राह्मण प्रीमियर लीग के शुभारंभ में आतिशबाजी भी हुई।
विजेता टीम को मिलेगा 1,11,111 रुपए
सरकंडा के खेल परिसर में छत्तीसगढ़ में पहली बार ब्राह्मण प्रीमियर लीग क्रिकेट मैच का आयोजन किया जा रहा है। इसमें समाज की 16 टीम हिस्सा ले रही है। प्रतियोगिता में रोजाना शाम सात बजे से 11 बजे तक तीन मैच खेले जाएंगे।
इसमें क्वार्टर फाइनल के बाद दो सेमिफाइनल के बाद 22 नवंबर को फाइनल मैच होगा। प्रतियोगिता में विजेता टीम को 1 लाख 11 हजार 111 रुपए और ट्रॉफी, उपविजेता को 55 हजार 555 रुपए और मैन ऑफ द सिरीज को 31 हजार रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा।
वैदिक मंत्रोच्चारण और भगवान परशुराम की पूजा से प्रतियोगिता की शुरुआत
11 नवंबर को सबसे पहले आयोजन समिति ने मैदान में विधिवत पिच और विकेट का पूजन वैदिक मंत्रोच्चार और स्वस्ति वाचन के साथ किया। इसके बाद डिप्टी सीएम अरूण साव, पचरा गायक और कथावाचक युवराज पांडेय, धर्माचार्य दुर्गेश महाराज, विधायक सुशांत शुक्ला, कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव समेत अतिथियों ने भगवान परशुराम की प्रतिमा की पूजा-अर्चना और आरती की।
इसके साथ ही डिप्टी सीएम साव ने खेल परिसर में लगाए गए फ्लड लाइट का भी शुभारंभ किया। बता दें कि साल भर पहले उन्होंने ऊषा देवी भंडारी प्रतियोगिता के अवसर पर मैदान में फ्लड लाइट लगाने की घोषणा की थी। डिप्टी सीएम साव ने कहा कि यह आयोजन केवल खेल नहीं। बल्कि, समाज में आपसी मेलजोल और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का माध्यम बनेगा।

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ ब्राह्मण प्रीमियर लीग का हुआ शुभांरम्भ।
वल्लभ वलचर्स ने राजगुरु राइनोज को दी शिकस्त
पूजन के बाद सभी 16 टीमों के टीम मालिकों और कप्तानों का परिचय कराया गया। अतिथियों ने उनसे मुलाकात कर प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। उद्घाटन मैच वल्लभ वलचर्स और राजगुरु राइनोज के बीच खेला गया।
अतिथियों ने टॉस करवाकर मैच और प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत की। रोमांचक मैच में वल्लभ वलचर्स ने राजगुरु राइनोज को हरा दिया।
डिप्टी सीएम ने कहा- समाज को जोड़ने और प्रेरणादायी बनेगा यह लीग
डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि वे 3000 किलोमीटर की यात्रा तय करके इस आयोजन में शामिल होने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि मुझे इस बात की खुशी है कि ब्राह्मण समाज ने खेल के जरिए एक मंच पर आने का प्रयास किया है।
यह आयोजन केवल खेल नहीं बल्कि समाज को जोड़ने और प्रेरित करने का माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज ने हमेशा समाज को दिशा देने का कार्य किया है। आगे भी सनातन की शक्ति और एकता को इसी तरह मजबूती मिलती रहेगी।

डिप्टी सीएम साव ने खेल परिसर में लगाए गए फ्लड लाइट का भी किया उद्घाटन।
MLA सुशांत शुक्ला बोले- खेल से बढ़ेगी एकता
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में शामिल बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि ब्राह्मण समाज ने खेल के माध्यम से समाज को जोड़ने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का जो प्रयास किया है, वह अत्यंत सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि आज के समय में जब युवा वर्ग खेल से दूर होता जा रहा है, ऐसे में इस तरह की प्रतियोगिताएं उन्हें न केवल फिटनेस की ओर प्रेरित करेंगी बल्कि टीम भावना और अनुशासन भी सिखाएंगी। यह आयोजन समाज में एकता और भाईचारे की मिसाल बनेगा।
आयोजन समिति के प्रमुख पं. विनय शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण प्रीमियर लीग केवल खेल नहीं बल्कि संस्कृति, संकल्प और समर्पण का प्रतीक है। यह आयोजन उन बच्चों के लिए एक मंच है जो खेल के जरिए आगे बढ़ना चाहते हैं। समाज के भीतर की प्रतिभा को सामने लाने का यह प्रयास निश्चित रूप से समाज को नया आयाम देगा।
MLA अटल श्रीवास्तव ने कहा- बच्चों को मोबाइल से हटाकर मैदान तक लाना सराहनीय
कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि आज के दौर में बच्चे और युवा मोबाइल व गैजेट में व्यस्त हैं। उन्हें खेल के मैदान तक लाने का प्रयास ब्राह्मण समाज ने किया है, जो निश्चित रूप से प्रशंसनीय है। इस आयोजन में केवल समाज नहीं, बल्कि सर्वसमाज के लोग शामिल होकर प्रतियोगिता का लुत्फ उठाएंगे।
युवराज पांडेय ने कहा- एकता और भाईचारा का प्रतीक है यह प्रतियोगिता
राष्ट्रीय कथावाचक व पचरा गायक युवराज पांडेय ने अपने ऊर्जावान सम्बोधन से वातावरण में उत्साह भर दिया। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता ब्राह्मणों की एकता और भाईचारे का प्रतीक है। खेल के माध्यम से समाज को जोड़ने का इससे बेहतर तरीका नहीं हो सकता।
आतिशबाजी और पचरा गीत ने बनाया माहौल
कार्यक्रम में आयोजकों ने जोरदार आतिशबाजी की, जिसका भव्य नजारा देखने को मिला। इस अवसर पर युवराज पांडेय ने दर्शकों की मांग पर लोकप्रिय पचरा गीत “हंस के उठे वि हस के माता…” गाकर सभी का मन मोह लिया। दर्शकों ने तालियों और जयघोष के साथ पूरा साथ दिया।
कार्यक्रम में डॉ. सुनील गुप्ता, प्रवीण शुक्ला, सिंह पारधी, डॉ. विश्ववेश ठाकरे, वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज परंजपे, बंशीलाल गौरहा, देवीप्रसाद शुक्ला, वीके पांडेय, लक्ष्मीनारायण दीक्षित, संजय शर्मा, सुरेश शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
<
