![]()
कोरबा जिले में शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। तेज आंधी-तूफान, बारिश और आकाशीय बिजली ने लोगों को चौंका दिया। मौसम बदलने से जहां तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं तेज हवाओं ने कई जगह परेशानी भी खड़ी कर दी। आंधी का असर कोयला परिवहन पर भी देखने को मिला। पवन टॉकीज से दुरपा रोड के पास खदान से कोयला लेकर प्लांट जा रही एक मालगाड़ी को बीच रास्ते में रोकना पड़ा। तिरपाल तार व खंभे में फंसा,शॉर्ट सर्किट और बड़े हादसे का खतरा चलती ट्रेन में कोयले को ढकने के लिए लगाया गया तिरपाल तेज हवा के कारण उड़कर फट गया और ओएचई (ओवरहेड इक्विपमेंट) तार व खंभे में जा फंसा। इससे शॉर्ट सर्किट और बड़े हादसे का खतरा पैदा हो गया था। लोको पाइलेट की सतर्कता से टला हादसा स्थिति को भांपते हुए मालगाड़ी के चालक ने तुरंत ट्रेन रोक दी और अधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही रेलवे की टीम मौके पर पहुंची और ओएचई लाइन में फंसे तिरपाल को हटाया गया। इसके बाद रेल परिचालन सामान्य किया गया और मालगाड़ी को रवाना किया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे अचानक तेज हवाएं चलने लगीं। इसके बाद बिजली कड़कने के साथ हल्की से मध्यम बारिश शुरू हो गई। कई इलाकों में बिजली बाधित तेज आंधी के कारण कई जगह पेड़-पौधे गिर गए और बिजली के खंभों में शॉर्ट सर्किट की घटनाएं भी सामने आईं। कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। मौसम विभाग ने पहले ही जिले में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया था। विभाग ने अगले 24 घंटे तक मौसम इसी तरह बने रहने की संभावना जताई है। किसानों की बढ़ी चिंता बेमौसम बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। खेतों में तैयार सब्जी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, तेज बारिश और हवाओं के चलते तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत जरूर मिली।
<
